CG Crime News : दुर्ग. दुर्ग जिले में अवैध गांजा तस्करी करते 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों से पुलिस को 2 किलो गांजा के अलावा 2.3 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा (Hydroponic Weed) मिला है. प्रदेश में पहली बार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में यह जब्त किया गया है, जो हाई टीएचसी के कारण अधिक नशीला होता है.

जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बोरसी रोड स्थित बीज विकास निगम के पास, रुआबांधा भिलाई क्षेत्र में कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ की बिक्री कर रहे हैं. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया. पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों से लगभग 2 किलोग्राम गांजा और 2.3 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया. वहीं चिलम, रोलिंग पेपर भी जब्त किया गया है.

गिरफ्तार आरोपी विक्रम साहु और यश विश्वकर्मा, भिलाई के रहने वाले हैं. थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत धारा 20(ख), 27(ए), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और अन्य संलिप्त लोगों की जांच में जुटी हुई है.

क्या होता है हाइड्रोपोनिक गांजा ?

यह खेती का एक तरीका है, जिसमें पौधों को बिना मिट्टी के इस्तेमाल के उगाया जाता है. एक पोषक तत्व सोल्यूशन और पानी के साथ पौधों को उगाने की प्रक्रिया अपनाई जाती है. इसी तकनीक से उगाया गया गांजा हाइड्रोपोनिक वीड कहलाता है. इसका फायदा कम समय और कम पानी के उपयोग किए अधिक पैदावार होता है. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, हाइड्रोपोनिक तकनीक को लैब आधारित तकनीकों की तुलना में भी अधिक प्रभावशाली माना जाता है.