जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म, जबरन शादी और लंबे समय से हो रही मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी प्रमोद निराला (21 वर्ष), निवासी अमरताल, ने करीब तीन वर्षों पहले उससे पहचान बढ़ाई और धीरे-धीरे भरोसा जीतकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। उस समय पीड़िता नाबालिग थी, इसके बावजूद आरोपी ने उससे शादी कर ली।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी शादी के बाद से ही उसके साथ लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से अत्याचार करता रहा। वह उसे अपने नियंत्रण में रखता था और बाहर किसी से संपर्क नहीं करने देता था। छोटी-छोटी बातों पर विवाद कर मारपीट करना आरोपी की आदत बन गई थी, जिससे पीड़िता लंबे समय से भय और दबाव में जीवन जी रही थी।
घटना का गंभीर रूप 31 मार्च 2026 की रात को सामने आया, जब आरोपी ने शराब के नशे में पीड़िता के साथ डंडे से बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में पीड़िता के हाथ, कोहनी और घुटनों में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पूर्व में भी उसे लगातार प्रताड़ित किया है।
अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी प्रमोद निराला (21 वर्ष), निवासी अमरताल, अकलतरा थाना को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

