CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिनभर व्यस्त कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। वे सुबह 11.25 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। दोपहर 4 बजे मुख्यमंत्री नया रायपुर स्थित IIT रायपुर परिसर पहुंचेंगे, जहां वे 21 छत्तीसगढ़ यंग साइंटिस्ट कांग्रेस 2026 कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वे फिर से विधानसभा के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वे शाम 7.25 बजे तक विधानसभा में मौजूद रहेंगे।

विधानसभा के बजट सत्र का 13वां दिन आज
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन है। सदन में आज जंबूरी अनियमितता और शालाओं के युक्तिकरण का मुद्दा उठेगा। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, लखन लाल देवांगन और अरुण साव सवालों के जवाब देंगे। ध्यानाकर्षण में भानुप्रतापपुर वन मंडल में अवैध पेड़ कटाई और भारी वाहनों के संचालन का मामला उठेगा, जिसे विधायक विक्रम उसेंडी रखेंगे। तकनीकी शिक्षा में अनियमितताओं पर भी चर्चा होगी। वहीं रिकेश सेन, सुशांत शुक्ला, मोतीलाल साहू और इंद्रशाह मांडवी याचिकाएं पेश करेंगे। इसके साथ ही चार संशोधन विधेयक भी पारित होंगे।
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का जंगी प्रदर्शन आज
रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर प्रदेशभर के कर्मचारी एवं अधिकारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आज जिला एवं ब्लॉक मुख्यालयों में भोजन अवकाश के दौरान जंगी प्रदर्शन करेंगे। फेडरेशन ने प्रदेश के सभी कर्मचारी-अधिकारियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर अपनी एकता और अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आव्हान किया है।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। प्रमुख मांगों में मोदी की गारंटी के अनुसार जुलाई 2016 से लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स की राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में समायोजित करने, प्रदेश में चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतनमान क्रमशः 8, 16, 24 एवं 32 वर्ष में प्रदान करने तथा मध्यप्रदेश की भांति अर्जित अवकाश नकदीकरण 300 दिवस करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके साथ ही फेडरेशन ने लिपिकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने हेतु पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर समस्त सेवा लाभ देने, तथा सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान प्रदान करने की मांग भी उठाई है।
फेडरेशन ने अनुकंपा नियुक्ति को निशर्त लागू करने, 10 प्रतिशत की वर्तमान सीमा समाप्त कर सीधी भर्ती के समस्त पदों पर अनुकंपा नियुक्ति देने, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण करने, तथा नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन और समयबद्ध पदोन्नति देने की भी मांग की है। इसके अतिरिक्त विभागों में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, कार्यभारित, दैनिक वेतनभोगी, अनियमित एवं संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण करने, तथा आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली एवं सेवानिवृत्ति उपरांत संविदा नियुक्ति तत्काल बंद करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है। साथ ही विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की अनुमति देने की भी मांग की गई है।
छत्तीसगढ़ में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 का होगा आयोजन
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026’ का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 25 मार्च से 6 अप्रैल तक प्रदेश के तीन जिलों रायपुर, बस्तर (जगदलपुर) और सरगुजा में आयोजित होगी। इस आयोजन में एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, भारोत्तोलन, तीरंदाजी, तैराकी और कुश्ती जैसे विभिन्न खेल शामिल किए गए हैं। देशभर के अलग-अलग राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ी और अधिकारी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
मार्च में छुट्टियों पर भी खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय
रायपुर। मार्च महीने में आम जनता को राहत देते हुए पंजीयन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब शनिवार, रविवार और महावीर जयंती के दिन भी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे, जिससे संपत्ति की खरीदी-बिक्री में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। हालांकि रामनवमी और ईद के दिन कार्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा 31 मार्च को कोषालय और बैंकों में भी शासकीय लेनदेन जारी रहेगा, ताकि वित्तीय वर्ष 2025-26 के सभी कार्य समय पर पूरे किए जा सकें। पंजीयन विभाग, जो राजस्व जुटाने का एक प्रमुख स्रोत है, वर्ष के अंतिम दिनों में कामकाज को तेज़ करने पर जोर दे रहा है।
भीषण गर्मी के चलते रायपुर जिले में स्कूल का समय बदला
रायपुर। तेज धूप और गर्मी को देखते हुए रायपुर जिले में भी स्कूल का समय बदल दिया गया है। जिले के समस्त शासकीय और निजी स्कूल अब सुबह 7.30 बजे से पूर्वान्ह 11.30 बजे तक संचालित होंगे। परीक्षा और कार्यालयीन समय यथावत रहेगा। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण कई जिलों में स्कूल का समय बदल गया है। मंगलवार को रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी ने भी गर्मी को देखते हुए स्कूल का समय बदलने का आदेश जारी किया। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय द्वारा जारी आदेश के अनुसार रायपुर जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय स्कूल एक पाली वाले सोमवार से शनिवार तक प्रातः 7.30 बजे से पूर्वान्ह 11.30 तक संचालित होंगे। इसी तरह ऐसे स्कूल जो दो पाली में संचालित हो रहे हैं, वहां प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूल सुबह 7.30 बजे से 11.30 बजे तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों का संचालन पूर्वान्ह 11.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा। परीक्षा और कार्यालयीन समय में किसा प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। यह आदेश 20 मार्च से प्रभावशील होगा।
बता दें कि इन दिनों कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षा चल रही है। इसके बाद स्थानीय कक्षाओं पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी, छठवीं, सातवीं और 9वीं-11वीं की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

