CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह 9:30 बजे नेताजी सुभाष चंद्रबोस राज्य पुलिस अकादमी पहुंचेंगे, जहां वे दीक्षांत परेड समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे सुबह 11:35 बजे से 12:00 बजे तक दिल्ली से अंबिकापुर के बीच शुरू हो रही हवाई सेवा के उद्घाटन समारोह में वर्चुअली भाग लेंगे।

दोपहर 12:00 बजे मुख्यमंत्री चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात 12:20 बजे वे कायस्थ मंगल भवन पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके उपरांत दोपहर 1:00 बजे मुख्यमंत्री मंत्रालय जाएंगे, जहां वे शाम 5:00 बजे तक विभागीय कार्यों में व्यस्त रहेंगे।
खेलो इंडिया ट्राईबल गेम्स का छठवां दिन आज
रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आज छठवां दिन है। देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और विभिन्न खेलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा जारी है। वहीं आज जगदलपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। यह प्रतियोगिता क्रीड़ा परिसर धरमपुरा में सुबह 6:30 बजे से आयोजित की जाएगी। खेलों में कुल 17 विधाओं को शामिल किया गया है, जिनमें अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
वहीं राजधानी रायपुर में आज आर्चरी, हॉकी और फुटबॉल की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा सरगुजा में सुबह 8 बजे से कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
रायपुर निगम की सामान्य सभा आज, महापौर मीनल चौबे पेश करेंगी बजट
रायपुर। रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा आज आयोजित होगी, जिसमें महापौर मीनल चौबे अपना दूसरा बजट पेश करेंगी। इस वर्ष निगम का बजट लगभग 1600 करोड़ रुपये का अनुमानित है। सभा की शुरुआत एक घंटे के प्रश्नकाल से होगी, जिसमें 22 पार्षदों ने विभिन्न मुद्दों पर सवाल लगाए हैं। इनमें से 15 सवाल भाजपा पार्षदों के हैं, जिससे अपने ही दल के पार्षद मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) को घेरते नजर आ सकते हैं। भाजपा के 5 जोन अध्यक्ष भी सवालों के साथ मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस और निर्दलीय पार्षद भी शहर विकास से जुड़े अहम मुद्दों को उठा सकते हैं। कांग्रेस द्वारा साइंस कॉलेज चौपाटी पर हुए 9 करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब मांगा जाएगा।
सभा में प्रॉपर्टी टैक्स, पानी सप्लाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं पर निगम को घेरा जा सकता है। इसके अलावा आवारा कुत्तों की समस्या, कचरा कलेक्शन और गार्डनों की बदहाल व्यवस्था भी सवालों के घेरे में रहेगी। साथ ही तालाब सौंदर्याकरण और अधूरे निर्माण कार्य भी एजेंडे में शामिल हैं। आज के सभा में हंगामे के आसार हैं।
लोकसभा में आज नक्सलवाद पर बड़ी बहस
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 31 मार्च तक ‘नक्सलमुक्त भारत’ विजन के लक्ष्य को लेकर आज लोकसभा में बड़ी चर्चा होने जा रही है। लोकसभा में नक्सलवाद पर होने वाली इस विशेष चर्चा की शुरुआत सांसद श्रीकांत शिंदे करेंगे। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा अब तक उठाए गए कदमों, रणनीतियों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा होगी। सरकार का फोकस देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने पर है। ऐसे में इस बहस के दौरान देखना होगा की गृह मंत्री अमित शाह सदन में क्या जवाब देते हैं।
भारत माला प्रोजेक्ट घोटाले में निलंबित SDM को आज कोर्ट में किया जाएगा पेश
भारत माला प्रोजेक्ट घोटाला मामले में निलंबित एसडीएम निर्भय साहू को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। निर्भय साहू बीते 14 दिनों से एसीबी/ईओडब्ल्यू की रिमांड पर थे। इस दौरान जांच एजेंसी की टीम नेमामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे गहन पूछताछ की। अब रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन 1 अप्रैल तक
रायपुर। भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती के लिए आधिकारिक वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन मंगाए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष तक आयु वर्ग के वे युवा आवेदन करने के पात्र हैं, जिनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास से लेकर स्नातक अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार जिले के युवाओं को आवेदन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करने के लिए ब्लॉक स्तर पर व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय, नगरीय निकाय, पॉलिटेक्निक कॉलेज, शासकीय महाविद्यालय, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जनपद पंचायत तथा नगर पंचायतों में जाकर ऑनलाइन आवेदन से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर आवेदक रोजगार कार्यालय रायपुर में सेना भर्ती हेतु स्थापित हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

