CG Morning News : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही में शामिल होंगे। वे सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे से 8:30 बजे तक मुख्यमंत्री मंत्रिपरिषद की बैठक में भी शामिल होंगे। यह बैठक विधानसभा परिसर में ही आयोजित की जाएगी, जिसमें सरकार के विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

विधानसभा बजट सत्र का 7वां दिन आज, कई मुद्दों पर होगी चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है। आज सदन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंक राम वर्मा विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक स्मार्ट सिटी से जुड़े मुद्दों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। इसके अलावा विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव में आय-व्यय को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
सदन में सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगे। साथ ही विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। इसके अलावा डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल और मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में चर्चा होगी।
विकसित भारत युवा संसद
रायपुर। माय भारत छत्तीसगढ़, युवा कार्यक्रम और केन्द्रीय खेल मंत्रालय द्वारा आज विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। रायपुर स्थित पुरानी विधानसभा के प्रेक्षागृह में आयोजित होने जा रहे युवा संसद में तीस जिलों के कुल डेढ़ सौ विजेता युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। इनमें से तीन विजयी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। माय भारत छत्तीसगढ़ के उप निदेशक अर्पित तिवारी ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
नारी शक्ति सम्मान समारोह
रायपुर। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज रायपुर स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में “नारी शक्ति सम्मान समारोह” का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और महिला हितग्राहियों को सम्मानित करेंगे। इस दौरान राज्य के सभी नगरीय निकायों में स्वच्छता को बढ़ावा देने छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग का शुभारंभ भी किया जाएगा।
सहायक मानचित्रकार भर्ती परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी
रायपुर। जल संसाधन विभाग के अंतर्गत सहायक मानचित्रकार (सिविल) के पदों पर भर्ती के लिए व्यापमं द्वारा 15 मार्च को आयोजित परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 1.15 बजे तक आयोजित है। अभ्यर्थी व्यापमं की वेबसाइट पर अपने प्रोफाइल लॉगिन पेज से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र 2 घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा केन्द्र में मूल फोटो आईडी होने पर ही प्रवेश दिया जाएगा। आईडी की फोटोकॉपी मान्य नहीं की जाएगी। परीक्षा प्रारंभहोने के 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को हल्के रंग की आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना वर्जित है। महिलाओं को कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है।
अफीम की खेती के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेशभर में बीजेपी दफ्तरों का करेगी घेराव
रायपुर। अफीम की खेती के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस 12 मार्च को प्रदेशभर में बीजेपी कार्यालयों का घेराव करेगी। इस दौरान प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में स्थित बीजेपी दफ्तरों के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने बीजेपी पर प्रदेश के युवाओं को नशे की ओर धकेलने का आरोप लगाया है। साथ ही मामले में शामिल आरोपियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

