रायपुर। प्रदेश में राजनीति, प्रशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दुर्ग–रायपुर–जगदलपुर दौरे से लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियां, कांग्रेस नेता की अहम पत्रकार वार्ता, नए 700 बिस्तरों वाले अस्पताल के टेंडर, प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े बड़े फैसलों और एसएससी MTS परीक्षा तक, कई ऐसे कार्यक्रम और निर्णय हैं जो सीधे जनता से जुड़े हुए हैं. वहीं राजधानी में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों की भी धूम रहेगी, जिससे शहर का माहौल पूरी तरह सक्रिय नजर आएगा.

मुख्यमंत्री साय का दौरा कार्यक्रम 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग, रायपुर और जगदलपुर के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे दुर्ग के PWD रेस्ट हाउस मीटिंग हॉल पहुंचेंगे. दोपहर 2 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 4 बजे रायपुर से जगदलपुर जाएंगे. जगदलपुर जिले के कुम्हडाकोट में शाम 5.25 बजे “जनजातीय गौरव वाटिका” के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद 5.50 बजे पुनर्वासितों के प्रशिक्षण समापन पर संवाद और टूलकिट वितरण करेंगे. शाम 6.25 बजे सर्किट हाउस जगदलपुर में शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर सामग्री वितरण करेंगे. मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम सर्किट हाउस जगदलपुर में रहेगा.

700 बिस्तरों वाले नए अस्पताल के लिए तीसरी बार टेंडर जारी

 रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में मरीजों के बढ़ते दबाव को देखते हुए 700 बिस्तरों वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण के लिए तीसरी बार टेंडर जारी किया गया है. 231 करोड़ की लागत से बनने वाला यह छह मंजिला अस्पताल पुराने हॉस्टल परिसर में बनेगा. पहले दो टेंडर तकनीकी परीक्षण में केवल एक ही फर्म के पात्र पाए जाने के कारण निरस्त हुए थे. नए टेंडर में 22 फरवरी को प्री-बिड बैठक और 23 फरवरी को बिड ओपन होगी. अस्पताल निर्माण 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर

 केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी से तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे. वे 7 फरवरी को शाम 4.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और निजी होटल जाएंगे. 8 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नक्सलवाद पर हाई लेवल बैठक लेंगे, इसके बाद ‘शिफ्टिंग द लेंस’ थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव में शामिल होंगे. 9 फरवरी को बस्तर पंडूम के समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 11 बजे विशेष विमान से दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दोपहर 12.05 से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे. शाम 4.20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू की पत्रकार वार्ता

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू आज दोपहर 1 बजे राजीव भवन, कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करेंगे. वे किसी महत्वपूर्ण राजनीतिक विषय पर अपनी बात रखेंगे.

सोमवार और बुधवार को अफसरों की मुख्यालय में उपस्थिति अनिवार्य

 छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए सभी राज्य और जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए सप्ताह में सोमवार और बुधवार को मुख्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य कर दिया है. इन दिनों जनसुनवाई, फाइल निपटारा और विभागीय समीक्षा होगी. क्षेत्रीय दौरे केवल गुरुवार और शुक्रवार को किए जाएंगे. निर्देशों के उल्लंघन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

एसएससी MTS परीक्षा 2025 का आयोजन शुरू

 रायपुर में एसएससी MTS परीक्षा 2025 का आयोजन 4 से 6 फरवरी, 9 से 12 फरवरी और 16 से 19 फरवरी 2026 तक किया जाएगा. परीक्षा सुबह 7.30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी. विधानसभा रोड, मुरा स्थित प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में परीक्षा केंद्र बनाया गया है. डिप्टी कलेक्टर उपेन्द्र किण्डो नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं.

शहर में आज के कार्यक्रम:

संत गजानन प्रगट महोत्सव

तात्यापारा स्थित मंदिर में संत श्रीगजानन महाराज शेगांव संस्थान द्वारा संत गजानन प्रगट महोत्सव मनाया जा रहा है. सुबह 8.30 बजे सहस्त्राभिषेक और आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जबकि रात 8 बजे महाआरती के बाद चैतन्य जोगलेकर और सोमेंद्र फडके द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी.

कबीर पारख सत्संग

कृष्णा नगर के कर्मा धाम में श्रीकबीर पारख सिद्धांत प्रचार समिति द्वारा कबीर पारख सत्संग का आयोजन किया गया है, जहाँ मुख्य प्रवक्ता धर्मेंद्र साहेब सुबह और दोपहर के सत्रों में प्रवचन देंगे. इसके साथ ही, रावणभाठा के श्रीसुदर्शन संस्थानम् में पुरी के शंकराचार्य की उपस्थिति में विशेष संगोष्ठी और दर्शन का लाभ सुबह 8 बजे और शाम 6 बजे लिया जा सकता है.

सामाजिक और योग 

राष्ट्रीय विद्यालय समिति रायपुर अपना स्थापना दिवस समारोह दोपहर 12 बजे कचहरी चौक स्थित बाल आश्रम सभागृह में मनाएगी. इसके अलावा, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए सिविल लाइन स्थित सत्यदर्शन योगाश्रम में शाम 5 से 6 बजे तक योग क्लास का नियमित आयोजन किया जाएगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H