CG Morning News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बलरामपुर और जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री करीब सुबह 11:35 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बलरामपुर के राजपुर जाएंगे, जहां ग्राम कर्रा में आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा में शामिल होंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री जशपुर के पण्डरीपानी पहुंचेंगे. यहां महतारी सदन में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे. साथ ही विभागीय स्टॉल का अवलोकन करने के अलावा बहनों से संवाद करेंगे. पण्डरीपानी में एसबीआई की नई शाखा का उद्घाटन भी करेंगे. इसके बाद शाम 4:45 बजे बगिया स्थित निज निवास पहुंचेंगे, जहां रात्रि विश्राम करेंगे.
बिजली कनेक्शनों की 1 सितंबर से शुरू होगी eKYC
छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है. प्रदेश में 1 सितंबर से सभी श्रेणी के बिजली कनेक्शनों की eKYC प्रक्रिया शुरू होगी. eKYC के लिए आधार कार्ड और बिजली बिल में दर्ज नाम का मिलान अनिवार्य होगा. उपभोक्ता घर बैठे ‘मोर बिजली’ ऐप के जरिए अपनी eKYC करा सकेंगे. इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा.
आदिवासी कांग्रेस की बड़ी बैठक आज
रायपुर. रायपुर में आज आदिवासी कांग्रेस की बड़ी बैठक आयोजित होगी. आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में प्रदेशभर के वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता, विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत अन्य नेता शामिल होंगे. बैठक सुबह 10:30 बजे राजीव भवन में शुरू होगी. इसमें आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलन की रणनीति और रूपरेखा तैयार की जाएगी.
तेलीबांधा-जोरा एलिवेटेड रोड में फ्लाईओवर की मांग
रायपुर. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की. सांसद अग्रवाल ने इस दौरान राजधानी के तेलीबांधा जोरा प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का वीआईपी चौक से एयरपोर्ट रोड में लगभग 500 मीटर अतिरिक्त विस्तार करने का आग्रह किया, उन्होंने कहा वीआईपी चौक के टी-जंक्शन को अतिरिक्त फ्लाईओवर के माध्यम से जोड़ा जाए. इसके अलावा उन्होंने एनएच 130 बी लेन की डीपीआर तैयार की जा रही है. उन्होंने क्षेत्र के व्यापक जनहित और वाणिज्यिक जरूरतों को देखते हुए बलौदाबाजार से सारंगढ़ तक के शेष खंड को भी तत्काल इस परियोजना में शामिल कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने और स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया. सांसद अग्रवाल की मांग पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने तत्काल स्वीकार करते हुए 130बी के सारंगढ़ तक 4 लेन निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है.
राजधानी में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी को लेकर उत्साह का माहौल
रायपुरय पैगंबर हजरत मुहम्मद का जन्मदिन, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी, आज छत्तीसगढ़ समेत देशभर में मनाया जा रहा है. राजधानी रायपुर में सुबह से उत्साह का माहौल बना हुआ है. सड़कों पर जुलूस भी निकाले जा रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

सितंबर में 7 दिन नहीं बिकेगा मांस-मटन
रायपुर. सितंबर महीने में शहर में सात प्रमुख पर्वों के अवसर पर मांस-मटन की बिक्री और परोसने पर रोक लगाई गई है. महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को नगारीय प्रशासन विभाग के आदेश अनुरूप इस आशय का निर्देश जारी कर दिया है. नगर निगम सीमा क्षेत्र में निर्धारित पों के दौरान पशुवध गृहों के साथ सभी मांस-मटन विक्रय केंद्रों को बंद रखना अनिवार्य होगा. 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, 7 सितंबर पर्यूषण का प्रथम दिन और 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 15 तारीख पर्यूषण का अंतिम दिवस, 22 सितंबर डोल ग्यारस, 25 सितंबर के अनंत चर्तुदशी पर्व के कारण शहर में मांस-मटन का विक्रय और रेस्टोरेंट और होटल में परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इसी तरह 26 सितंबर को पर्यूषण पर्व में संवत्सरी और उत्तम क्षमा की तिथि पर पशुवध गृह, मांस-मटन की दुकानें बंद रखी जाएंगी. उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


