रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलौदाबाजार जिले के दौरे पर रहेंगे। वे रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होकर दोपहर में चक्रपाणि शुक्ल स्कूल मैदान पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत आयोजित राशि वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में भी अहम कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित “खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026” का उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में प्रदेशभर के आदिवासी खिलाड़ियों की भागीदारी देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
गृहमंत्री के सामने सरेंडर करेगा कुख्यात नक्सली पापाराव
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 9:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। जगदलपुर में गृहमंत्री की मौजूदगी में कुख्यात नक्सली पापा राव सरेंडर करेंगे। यह सरेंडर कार्यक्रम प्रशासन और पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। गौरतलब है कि राज्य सरकार लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सरेंडर और पुनर्वास नीति को बढ़ावा दे रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। इस सरेंडर को नक्सल उन्मूलन अभियान में एक अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
गांव पहुंच अभियान के जरिए पार्टी को मजबूत कर रहे दीपक बैज
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज गांव पहुंच अभियान के जरिए पार्टी को मजबूत कर रहे। आज वे कोरबा के दौरे पर रहेंगे। इससे पहले अपने सरगुजा प्रवास के दौरान दीपक बैज संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरते नजर आए। सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ‘गांव पहुंच अभियान’ के जरिए पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में करीब 27 हजार बूथ कमेटियां और 15 हजार से अधिक पंचायत एवं वार्ड कमेटियों का गठन किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलाध्यक्षों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं और वरिष्ठ नेताओं से गांवों में जाकर कार्यकर्ताओं की सहमति से कमेटियां बनाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत बस्तर से की गई है और वे लगातार 14 दिनों तक सरगुजा संभाग के दौरे पर रहेंगे। अब तक वे 30 से अधिक बूथों और 15 पंचायतों में जाकर कमेटियों का गठन कर चुके हैं।

कोनी कंटेनमेंट जोन घोषित, कलेक्टर-एसएसपी का रात्रि निरीक्षण
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कोनी क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है और प्रभावित इलाके में आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसएसपी ने देर रात कोनी क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। प्रशासन की टीम द्वारा इलाके में सैंपलिंग, कुलिंग (संक्रमित पक्षियों को नष्ट करना) और निगरानी का काम तेज कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि क्षेत्र में रहने वाले लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाए, ताकि किसी भी संभावित संक्रमण को समय रहते रोका जा सके। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।
छत्तीसगढ़ बोतल संघ का विरोध तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब को कांच की बजाय प्लास्टिक बोतलों में बेचने के फैसले का विरोध तेज हो गया है। इस मुद्दे को लेकर आज छत्तीसगढ़ बोतल संघ आबकारी कमिश्नर से मुलाकात करेगा और अपनी आपत्तियां दर्ज कराएगा। संघ का कहना है कि सरकार के इस अचानक फैसले से कांच की बोतलों का बड़ा स्टॉक फंस गया है, जिससे कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। संघ ने मांग की है कि पुराने स्टॉक को खत्म करने के लिए कम से कम 6 महीने का समय दिया जाए। बोतल संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो इसका सीधा असर इस उद्योग से जुड़े मजदूरों और उनके परिवारों की रोज़ी-रोटी पर पड़ेगा। संघ के मुताबिक, हजारों लोग इस काम पर निर्भर हैं और अचानक बदलाव से उनकी आजीविका संकट में आ सकती है।
नवरात्रि में आस्था का सैलाब, सप्तमी-अष्टमी पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
रायपुर। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आज सप्तमी और अष्टमी तिथि होने के चलते राजधानी रायपुर के देवी मंदिरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। खासकर अष्टमी तिथि पर कन्या पूजन का विशेष महत्व होने के कारण मंदिरों और घरों में धार्मिक आयोजन भी हो रहे हैं। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबे नजर आ रहे हैं, जहां “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है। प्रशासन की ओर से भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
हटिया-दुर्ग स्पेशल 2 अप्रैल से एक्सप्रेस के रूप में हर सप्ताह दो दिन चलेगी
रायपुर। दुर्ग-हटिया के बीच संचालित हो रही द्वि-साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन अब नियमित एक्सप्रेस के रूप में हर सप्ताह दो दिन चलाई जाएगी। रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे नियमितीकरण करने का निर्णय लिया है। नियमित होने के बाद यह गाड़ी 18641/18642 हटिया-दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस नंबर से संचालित होगी। इससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 18641 हटिया-दुर्ग द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस 2 अप्रैल से प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को हटिया से रात 8 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन सुबह 6.45 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वहीं 18642 दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस 3 अप्रैल से प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को दुर्ग से शाम 7.35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.15 बजे हटिया पहुंचेगी। इस ट्रेन का राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा और रायपुर स्टेशनों पर ठहराव होगा।

