रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11:15 बजे दीनदयाल उपाध्याय चौक में 108 संजीवनी एक्सप्रेस के तहत 375 नई एम्बुलेंस का शुभारंभ करेंगे। यह पहल प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगी। शाम 5:40 बजे धरसींवा में नए तहसील कार्यालय का उद्घाटन करेंगे, जिससे स्थानीय प्रशासनिक सुविधाओं में सुधार होगा। शाम 6 बजे मुख्यमंत्री कुंवरगढ़ में आयोजित महोत्सव में भाग लेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। रात 9 बजे रायपुर लौटकर महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव में शामिल होंगे।
तीन दिवसीय ‘कुंवरगढ़ महोत्सव’ का आगाज आज
धरसीवां। कुंवरगढ़ का गौरवशाली इतिहास अब पन्नों से निकलकर धरातल पर एक नई पहचान बनाने जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा की विशेष पहल पर यहां पहली बार ‘कुंवरगढ़ महोत्सव’ का आयोजन 31 मार्च से 2 अप्रैल तक किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इसका शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास है, बल्कि कुंवरगढ़ के विकास के लिए एक ‘स्वर्णिम अध्याय’ की शुरुआत भी है। तीन दिवसीय इस महापर्व में छत्तीसगढ़ की माटी के लगभग 15 सुप्रसिद्ध और दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के दौरान लोक संगीत, नृत्य और पारंपरिक कलाओं का संगम देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराएगा। आयोजन स्थल पर एक विशाल सामान्य मेला एवं व्यापार मेले का आयोजन भी किया जा रहा है।

रायपुर जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित, नए बोर खनन पर पूर्ण प्रतिबंध
रायपुर। भीषण गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने रायपुर जिले को जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित करते हुए नए बोर खनन पर रोक लगा दी है। जारी आदेश के अनुसार, 1 अप्रैल से 15 जुलाई तक जिले में किसी भी प्रकार के नए बोरवेल (नलकूप) खनन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति बोर खनन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम भूजल स्तर में लगातार गिरावट और गर्मी के दौरान बढ़ती पेयजल समस्या को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसी के तहत भूजल दोहन को नियंत्रित करने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
छत्तीसगढ़ की 33 जेलों में शुरू होगी वीडियो-ऑडियो कॉलिंग
रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेल व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब राज्य के सभी 33 जेलों में बंदियों को उनके परिजनों और वकीलों से वीडियो और ऑडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करने की सुविधा मिलेगी। इस नई व्यवस्था के तहत बंदी अब जेल में रहते हुए भी अपने रिश्तेदारों और अधिवक्ताओं से सीधे संपर्क कर सकेंगे, जिससे पारदर्शिता और संवाद दोनों में सुधार होगा। नई व्यवस्था के अनुसार एक कॉल की अधिकतम अवधि 5 मिनट होगी। समय पूरा होते ही कॉल स्वतः कट जाएगी। जेल प्रशासन ने कॉलिंग के लिए शुल्क भी तय किया है, जिसमें ऑडियो कॉल: 1 रुपये प्रति मिनट, वीडियो कॉल: 5 रुपये प्रति मिनट। इस सुविधा के संचालन के लिए बीएसएनएल के साथ एमओयू किया गया है। शुरुआत पहले चरण में बड़े जेलों से की जाएगी, जिसके बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। बंदियों को यह सुविधा सप्ताह में एक बार दी जाएगी। इससे जेलों में पारदर्शिता बढ़ेगी और बंदियों को मानसिक रूप से भी राहत मिलेगी।
रक्सौल-तिरुपति स्पेशल ट्रेन अब होगी नियमित, रेल मंत्री ने दी मंजूरी
रायपुर। बिहार और आंध्रप्रदेश के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पश्चिम चम्पारण के सांसद और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने रक्सौल से तिरुपति के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब यह ट्रेन स्पेशल नंबर के बजाय नए स्थायी नंबर के साथ पटरी पर दौड़ेगी। रक्सौल तिरुपति एक्सप्रेस के नियमित होने का सीधा फायदा छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को भी मिलेगा। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है। इस ट्रेन के नियमित होने से यात्रियों को आरक्षण और लंबी अवधि की यात्रा योजना बनाने में आसानी होगी।

