CG Morning News : रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए आज अधिसूचना जारी की जाएगी। इन सीटों पर 16 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। प्रत्याशी 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। वर्तमान में राज्यसभा सदस्य के.टी.एस. तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है, जिसके चलते ये दोनों सीटें रिक्त होंगी। चुनाव में राज्य के कुल 90 विधायक मतदान करेंगे, जिनमें विधानसभा में भाजपा के 54, कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) का 1 विधायक शामिल है। मतदान गोपनीय मतपत्र के माध्यम से कराया जाएगा।

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन है। सदन में आज से वित्त वर्ष के बजट पर विस्तृत चर्चा की शुरुआत होगी। प्रश्नकाल के दौरान डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे। सदन की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न पत्रों को पटल पर रखेंगे। वहीं विधायक सुनील सोनी और अंबिका मरकाम ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाएंगे। इसके अलावा सभापति विक्रम उसेंडी प्रतिवेदन की प्रस्तुति करेंगे। विधायक कुंवर सिंह निषाद और सुशांत शुक्ला याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न समितियों के निर्वाचन से संबंधित प्रस्ताव सदन में रखेंगे, जबकि मंत्री रामविचार नेताम अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के निर्वाचन का प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
मंत्री राजेश अग्रवाल सहयोग केंद्र में सुनेंगे समस्याएं
रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज सहयोग केंद्र लगाया जाएगा, जहां मंत्री राजेश अग्रवाल स्वयं उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेंगे। सहयोग केंद्र के माध्यम से आम नागरिकों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
अब सफाई कर्मचारियों को भी मिलेगा श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ
रायपुर। प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को अब श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा। उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने सभी नगरीय निकायों को पात्र सफाई कर्मचारियों का श्रम विभाग में पंजीयन कराने का निर्देश दिया है। इस संबंध में विभाग ने एक परिपत्र भी जारी किया। इसमें ऐसे कर्मचारी जिन्हें ईएसआईसी व ईपीएफ की पात्रता नहीं रखते है, उनका श्रम विभाग में असंगिठत कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में पंजीयन किया जाएगा। परिपत्र में बताया गया कि इसके लिए श्रम विभाग की वेबसाइट या मोबाइल एप ‘श्रमेव जयते’ पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते है।
सीके नायडू ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंचा छत्तीसगढ़
रायपुर। क्वार्टर फाइनल मैच में पहली पारी में हासिल बढ़त के आधार पर छत्तीसगढ़ अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी क्रिकेट के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। बीसीसीआई द्वारा नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 21 से 24 फरवरी तक खेला गया क्वार्टर फाइनल ड्रा हो गया। सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला तमिलनाडु से होगा। यह मैच भी 1 मार्च से नवा रायपुर के इसी स्टेडियम में होगा। क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले मयंक वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इससे पहले क्वार्टरफाइनल मैच में पहले दिन 21 फरवरी को पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ ने 100.3 ओवरों में 10 विकेट खोकर 286 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की पहली पारी 75.5 ओवरों में 10 विकेट पर 181 रन में सिमट गई। इस प्रकार पहली पारी में राज्य की टीम ने 105 रन की बढ़त हासिल कर ली। राजस्थान को इस मैच में बड़े स्कोर से रोकने में छत्तीसगढ़ के स्पिन गेंदबाज वरुण सिंग भुई ने 6 विकेट चटकाये। इसके बाद दूसरी पारी में राज्य की टीम ने 284 रन बनाकर राजस्थान को जीत के लिए 389 रन का लक्ष्य दे दिया। इसमें मयंक वर्मा ने 90 व कप्तान दीपक यादव ने 84 रन बनाये। खेल के चौथे दिन जीत के लिए 389 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम मैच समाप्ति तक दूसरी पारी में 11 ओवरों में 5 विकेट खोकर 84 रन बनाकर मैच ड्रा कर दिया।
शराब के नशे में ट्रैफिक जवान के गाड़ी चलाने पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरते हुए ट्रैफिक पुलिस जवान का शराब के नशे में गाड़ी चलाने का वीडियो साझा किया है। कांग्रेस ने X पर पोस्ट करते हुए तंज कसा कि “इससे बढ़िया सुशासन का नमूना और क्या होगा?” पोस्ट में कांग्रेस ने कहा कि शराब प्रेमी भाजपा सरकार में ट्रैफिक पुलिस खुद शराब पीकर नागरिकों की गाड़ियां ठोक रही है। कांग्रेस ने कहा कि एक ओर नागरिकों पर सख्ती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कानून लागू कराने वाले ही शराब के नशे में मदहोश नजर आ रहे हैं।
जंगल सफारी में प्रशासनिक फैसलों को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश
जंगल सफारी में प्रशासनिक निर्णयों को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि डेटा एंट्री ऑपरेटरों से नियमों के विपरीत अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। वहीं कई कर्मचारियों का वेतन महीनों से लंबित है, जिसको लेकर भी नाराजगी है। ड्यूटी में बार-बार बदलाव और स्थानांतरण को लेकर भी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आज अरण्य भवन स्थित वन मुख्यालय का घेराव किया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


