CG Morning News : रायपुर. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे. वे सुबह 9.55 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां राज्यपाल रमेन डेका, कैबिनेट मंत्री और विधायकगण उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद सुबह 10 बजे एयरपोर्ट से रवाना होकर AIIMS रायपुर जाएंगे. उपराष्ट्रपति यहां AIIMS के तीसरे कन्वोकेशन समारोह में शामिल होंगे और सुबह 10.45 बजे से दोपहर 12.35 बजे तक AIIMS में रहेंगे. इसके बाद वे AIIMS से रवाना होकर करीब 1.15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 1.25 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

दिल्ली दौरे पर CM साय 

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे. ‘कैच द रेन’ सत्र के समापन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ को मिली है. समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय देशभर में ‘कैच द रेन’ अभियान से जुड़े विचार-विमर्श का समाहार प्रस्तुत करेंगे. इस दौरान ‘5 प्रतिशत मॉडल’ और ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान पर भी चर्चा होगी. इस तरह राष्ट्रीय जल मंच पर छत्तीसगढ़ को दोहरा गौरव हासिल होगा.

रायपुर में NHAI की विशेष कार्यशाला

रायपुर में आज NHAI की ओर से विजिलेंस अवेयरनेस वीक 2026 के तहत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी. यह कार्यक्रम होटल सयाजी में होगा, जिसका विषय “Conduct Rules and CTE Type Inspection” रखा गया है. कार्यशाला में पारदर्शिता, ईमानदारी और नैतिक शासन को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी.

कुगदा आरयूबी पर 10 सितंबर तक भारी वाहनों की नो-एंट्री

रायपुर. कुगदा गेट रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के एप्रोच हिस्से में कवर्ड शेड निर्माण के चलते 2 से 10 सितंबर तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा को देखते हुए भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल के अनुसार कुम्हारी-ए केबिन और सी-केबिन के बीच हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर कुगदा गेट के किमी 842 पर स्थित आरयूबी के एप्रोच हिस्से में निर्माण कार्य किया जाना है.

प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ का आयोजन आज

रायपुर. छत्तीसगढ़ में व्यापारियों और विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं सकारात्मक संवाद को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT ) छत्तीसगढ़ एवं आयकर विभाग की ओर से प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ का आयोजन 2 सितंबर (बुधवार) को किया गया है. “एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद” की संकल्पना के साथ आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में पहली बार प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ, एक ही दिन होगा. इस पहल के माध्यम से आयकर विभाग के अधिकारी सीधे व्यापारियों से संवाद कर उन्हें कर संबंधी जानकारी, जागरूकता, मार्गदर्शन तथा उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के समाधान से जोड़ेंगे.

हमसफर एक्सप्रेस रहेगी रद्द

बिलासपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल अंतर्गत बीना स्टेशन पर तीसरी लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है. अधोसंरचना विकास के इस कार्य के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित कई ट्रेनें प्रभावित होंगी. इसमें रानी कमलापति-संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ अन्य ट्रेनों के रूट बदले गए हैं और कुछ को रास्ते में ही समाप्त और प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है. इस कार्य के कारण 22169 रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को रानी कमलापति स्टेशन से रद्द रहेगी. इसी तरह 22170 संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को संतरागाछी स्टेशन से कैंसिंल रहेगी. इसके अलावा रेलवे ने शालीमार एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग (डायवर्टेड) से चलने का निर्णय लिया है. 22830 शालीमार-भुज एक्सप्रेस 10 अक्टूबर को शालीमार से चलने वाली यह ट्रेन परिवर्तित मार्ग व्हाया बीना मालखेड़ी-महादेवखेड़ी-गुना-रूठियाई-मक्सी होकर भुज जाएगी. 22829 भुज-शालीमार एक्सप्रेस 13 अक्टूबर को भुज से चलने वाली ट्रेन परिवर्तित मार्ग व्हाया मक्सी-रूठियाई-गुना-महादेवखेड़ी-बीना मालखेड़ी होकर जाएगी. वहीं 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस 6 से 14 अक्टूबर तक बिलासपुर से छूटने वाली यह ट्रेन बीना मालखेड़ी जंक्शन में समाप्त होगी. यह ट्रेन बीना मालखेड़ी और भोपाल के बीच रद्द रहेगी. 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस 7 से 15 अक्टूबर तक भोपाल के बजाय बीना मालखेड़ी जंक्शन से बिलासपुर के लिए रवाना होगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H