जांजगीर। कलेक्टर जांजगीर चांपा जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उड़नदस्ता दल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित कुल 612 प्रकरण दर्ज किए हैं। इन प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार 220 रुपये की राशि वसूल कर शासन के खनिज मद में जमा कराई गई है।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः नियंत्रण स्थापित करने और अधिक सक्रियता, सतर्कता एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में खनिज संसाधनों का संरक्षण हो सके और शासन को राजस्व हानि से बचाया जा सके।

जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। अवैध खनन में लगातार संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों एवं उनके चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई आरटीओ अधिकारी द्वारा सुनिश्चित की करने के निर्देश दिए गए है। इसके साथ ही कार्रवाई के दौरान जब्त की गई रेत को संबंधित वाहनों के माध्यम से पुनः नदी में डलवाया जा रहा है।
612 प्रकरण दर्ज, 1.74 करोड़ से अधिक की वसूली
खनिज अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला उड़नदस्ता दल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित कुल 612 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार 220 रुपये की राशि वसूल कर शासन के खनिज मद में जमा कराई गई है। अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दण्डात्मक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विगत दो माह में 50 प्रकरण दर्ज, 16 लाख की वसूली
विगत दो माह में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध विशेष सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 50 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 लाख 73 हजार 176 रुपये की राशि वसूल की गई। कलेक्टर निर्देशन में आगे भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
200 ट्रैक्टर अवैध रेत नदी में वापस डलवाया गया
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर नियंत्रण हेतु लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा ग्राम नवापारा में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की गई।
जिला खनि अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान स्थल पर अवैध रेत भंडारण पाए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही नदी किनारे डंप लगभग 200 ट्रैक्टर रेत को वापस नदी में डलवाया गया।कार्रवाई के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त 02 हाईवा वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन में सुरक्षार्थ रखा गया है।दर्ज प्रकरण पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

अभनपुर में 2 दिन में 13 वाहन जब्त, 28 वाहनों पर 8 लाख का अर्थदंड
अभनपुर। कलेक्टर रायपुर के निर्देश पर खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उप संचालक (खनिज प्रशासन) राजेश मालवे के मार्गदर्शन में 9 और 10 अप्रैल 2026 की रात्रिकालीन जांच के दौरान कुल 13 वाहनों (12 रेत और 1 फर्सी पत्थर) को खनिज सहित जब्त किया गया। इन वाहनों को थानों के सुपुर्द किया गया है। कार्रवाई में जिन वाहन मालिकों के नाम सामने आए हैं, उनमें मनीष साहू (पारागांव), सिंहा (फिंगेश्वर), नागेश्वर साहू, बसर खान (आहीवारा), बंटी साहू (टिकरापारा रायपुर), साहू (नवागांव नवापारा), भगवती ट्रेडर्स (मेघा धमतरी), रौनक जैन (लालपुर रायपुर), कंवलजीत सिंह (कवर्धा), तेजराम वर्मा (सिमगा), पंकज यदु (कोटा तिल्दा), हंसूराम साहू (सहसपुर लोहारा) और हरीश निर्मलकर (बिरकोनी महासमुंद) प्रमुख हैं।
विभाग द्वारा कुछ दिन पहले भी लगभग 15 वाहनों (9 रेत, 3 चूना पत्थर, 2 मिट्टी, 1 मुरूम) पर कार्रवाई करते हुए बिना रॉयल्टी पाए जाने पर उनसे समझौता राशि जमा कराई गई थी। पिछले एक सप्ताह में कुल 28 वाहनों पर कार्रवाई कर करीब 8 लाख रुपये की अर्थदंड राशि वसूल की जा रही है। इसके अलावा 3 अप्रैल 2026 को ग्राम डंगनिया और जौदी जौदा में अवैध रेत भंडारण की जांच ग्राम प्रमुख, सरपंच, उपसरपंच और कोटवार की उपस्थिति में की गई। जांच के बाद तीन लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक रघुनाथ भारद्वाज, खनिज सिपाही जितेंद्र केसरवानी, रिजवान, लिलेश्वर मानिकपुरी, रामकुमार वर्मा तथा पायलट छबिलाल साहू का विशेष योगदान रहा।

