CG News : सक्ती. जिले में 23 वर्षीय युवती दिशा मरावी की शिवम होटल के कमरा नंबर 105 में तारपीन तेल से आग लगने से मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी योगेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया है. योगेंद्र साहू पर युवती को बार–बार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है. साथ ही उस पर विभिन्न प्रकार के दबाव डाले जाते थे. पुलिस जांच में प्रताड़ना से तंग आकर युवती के आत्महत्या करने की बात सामने आई. मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय युवती दिशा मरावी को आरोपी योगेंद्र साहू लगातार परेशान करता था. उसे योगेंद्र साहू बार-बार जातिगत गाली गलौज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. घटना के दिन वह दोस्तों से मिलने होटल गई थी, परेशान होकर पीड़िता ने सिंग ढाबा के ऊपर स्थित शिवम होटल के कमरा नंबर 105 में तारपीन तेल अपने शरीर में उड़ेल आग लगा ली थी. बिलासपुर के बर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां एक फरवरी को उसकी मृत्यु हो गई.

मृतका की मां मीना मरावी ने थाना सक्ती में नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए योगेंद्र कुमार साहू पर जिंदा जलाने और महेंद्र सिदार, आशीष पटेल पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था. शिकायत में हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी.

पुलिस ने मर्ग जांच कर विवेचना प्रारंभ की तो जानकारी मिली कि आरोपी योगेंद्र साहू घटना के समय वही उपस्थित था. पीड़िता के आग लगाने पर वह भी झुलस गया था और अस्पताल में भर्ती हुआ था. जांच में यह बात सामने आई कि यशवंत साहू ने मृतिका दिशा मरावी को बार-बार जातिगत गाली-गलौज कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. बीएनएस और एक्ट्रोसिटी की धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.