जांजगीर। प्रैक्टिकल परीक्षा में विद्यार्थियों को दस नंबर बोनस अंक देने का लालच देकर स्कूल में रंगाई– पुताई करवाने वाले और हिंदू देवी– देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले प्रभारी प्राचार्य को डीपीआई ने निलंबित कर दिया है। पूरा मामला जांजगीर जिले के महात्मा ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय डोंगाकौहरौद का है।
स्कूल के प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर के खिलाफ विद्यालय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में 10 अंक बोनस दिए जाने की बात कह कर विद्यालय की रंगाई–पुताई का कार्य करने, बोर्ड परीक्षा फीस अधिक लेने और रसीद मांगने पर छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा में देख लेने की धमकी देने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके अलावा उनके खिलाफ विद्यालय के छात्र-छात्राओं के सामने हिंदू देवी–देवताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं को आहत किए जाने संबंधी वीडियो भी वायरल हुआ था। शिकायत के आधार पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उन्हें प्राचार्य के पद से पृथक करते हुए जांच के निर्देश दिए थे।

जांच प्रतिवेदन में पुष्टि होने पर कुंज किशोर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, पर उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद उन्हें निलंबित करने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रस्ताव डीपीआई को भेजा था। डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने प्रस्ताव के आधार पर तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य ज्योतिबा राव फुले उत्कृष्ट विद्यालय डोंगाकोहरौद को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जिला जांजगीर–चांपा में नियत किया गया है।


