बिलासपुर। सड़क किनारे पैदल चल रही महिला को तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस की टीम घटना स्थल पहुंची और शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा। इस मामले में पुलिस ने हाईवा को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
कोटा पुलिस ने बताया कि ग्राम मझवानी निवासी जमुना गोड़ पति पंचराम (65) अपने रिश्तेदार के घर एक शादी समारोह में शामिल होने ग्राम रतखंडी आई हुई थीं। मंगलवार को वह सड़क किनारे पैदल चल रही थी। उसी समय कोटा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा वाहन ने जमुना को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह पहिया के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर बेलगहना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद आरोपी चालक हाईवा को छोड़कर फरार हो गया।

ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। इस बीच प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश देते हुए शासन की ओर से तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए दिए तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हुई।

