अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय. दुकानों और संस्थानों में अग्निशमन उपकरण नहीं होना उन्हीं दुकानों को ही भारी पड़ रहा है. शहर में कई व्यवसायिक प्रतिष्ठान ऐसे हैं जहां पर अग्निशमन उपकरण नहीं है. यहां तक कि प्रशासन भी इस पर संज्ञान नहीं लेता. जिससे आगजनी जैसी घटनाएं होती रहती हैं. रविवार को ही केजीटी रोड स्थित रसकुंज मिठाई की दुकान के कारखाने में रविवार देर रात भीषण आग लग गई. यह घटना करीब 1 बजे हुई, जिससे इलाके में हलचल मच गई. आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई.

सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. समय रहते आग बुझा लेने से आसपास के मकानों और दुकानों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर में संचालित कई मिठाई कारखानों में मानक के अनुरूप अग्निशमन उपकरण नहीं लगाए गए हैं. यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

इसे भी पढ़ें : गैस सिलेंडर को संभालकर करें इस्तेमाल! अब 15 नहीं, 25 दिन बाद मिलेगी अगली बुकिंग

घनी आबादी और रिहायशी इलाके के बीच ऐसे कारखानों के संचालन पर भी सवाल उठ रहे हैं. लोगों ने पूछा कि फायर विभाग सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के बावजूद रिहायशी इलाकों में कारखाना चलाने की अनुमति कैसे देता है. इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मिठाई कारखानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.