अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. पीडीडीयू नगर में एक युवक को युवती द्वारा सरेआम थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड स्थित काली मंदिर के सामने हुई, जहां एक ट्रॉली बैग टकराने के बाद युवती ने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया और उसे थप्पड़ जड़ दिया.

जानकारी के अनुसार, यह घटना वीआईपी गेट के सामने बताई जा रही है. बिहार से एक युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन पहुंचा था. स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वह जीटी रोड पर ई-रिक्शा का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद ट्रॉली बैग सड़क पर बने गड्ढों के कारण लड़खड़ा गया और वहां से गुजर रही एक युवती के पैर से टकरा गया. बैग टकराते ही युवती भड़क गई और उसने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए.

इसे भी पढ़ें : बाल-बाल बचे डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य! अचानक बंद हुआ हेलिकॉप्टर का डिस्प्ले, अमौसी एयरपोर्ट पर कराई इमरजेंसी लैंडिंग

युवती ने युवक को नाखून से खरोंच भी दिया और उसे थाने में बंद कराने की धमकी देने लगी. इस अचानक हुई घटना से युवक कुछ देर तक समझ ही नहीं पाया कि आखिर हुआ क्या है. मौके पर तैनात यातायात पुलिस और मुगलसराय कोतवाली के पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला. उन्होंने युवक को युवती से अलग कराया और मामला शांत कराया. मुगलसराय कोतवाली थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह वीडियो उनके संज्ञान में है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी.