अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. होली के उल्लास के बीच एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सैयदराजा थाना क्षेत्र के तेंदुहान गांव में डीजे पर नाच रहे ग्रामीणों के बीच रंग-गुलाल के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें चाचा-भतीजा की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बताया गया कि तेंदुहान गांव में होली के अवसर पर ग्रामीण डीजे की धुन पर नाचते हुए रंग और गुलाल उड़ा रहे थे. इसी दौरान रंग के छींटे पड़ने को लेकर दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई. शुरुआती बहस और धक्का-मुक्की के बाद मामला कुछ देर के लिए शांत हो गया था. हालांकि, थोड़ी देर बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई. आरोप है कि दुधारी गांव से लगभग 30 युवक लाठी-डंडे, हॉकी और तलवार लेकर तेंदुहान गांव पहुंचे और लोगों पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया.

इसे भी पढ़ें : फार्म हाउस में ठांय-ठांय : सो रहे युवक की खोपड़ी पर बदमाशों ने उतार दी गोली, खून से लथपथ हुआ बिस्तर

हमले में आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में चाचा-भतीजा की हालत नाजुक बताई जा रही है. ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. जिला अस्पताल के इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. चंद्रमणि सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना में कई घायल अस्पताल लाए गए हैं. सभी का तत्काल उपचार किया जा रहा है. कुछ मरीजों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. सैयदराजा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के हमलावरों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात पुलिस ने कही है.