अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. सैयदराजा थाना क्षेत्र के बगही कुंभापुर स्थित एनएच-19 पर शुक्रवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. नौबतपुर की ओर से वाराणसी के मिर्जामुराद जा रहा एक ऑटो हाईवे पर पहले से खड़े अज्ञात वाहन में पीछे से जा भिड़ा. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं.

घटना की सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस और एनएचएआई हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है.

इसे भी पढ़ें : शामली में ठांय-ठांय : लूट के इरादे खड़ा था बदमाश, पुलिस को देख शुरू कर दी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर, 90 से ज्यादा मामलों में था आरोपी

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि टेंपो चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ. टेंपो सीधे हाईवे पर खड़े अज्ञात वाहन में पीछे से जा टकराया. पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है. आकस्मिक चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल लाया गया था. सभी की हालत गंभीर थी, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है. वहीं एक व्यक्ति को अस्पताल लाने से पहले ही मृत घोषित किया गया.