अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. सकलडीहा तहसील स्थित पूर्ति कार्यालय पर ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा बीते लगभग एक वर्ष से गरीबों और जरूरतमंदों के नए राशन कार्ड बनाने और पुराने कार्डों में नाम जोड़ने की प्रक्रिया लगभग ठप कर दी गई है, जबकि पैसे देने वालों का नाम कथित रूप से जोड़ दिया जा रहा है.
चहनिया विकासखंड के दिनदासपुर गांव निवासी मुन्ना चौहान ने बताया कि सकलडीहा तहसील की तीसरी मंजिल पर स्थित पूर्ति कार्यालय से सकलडीहा, धानापुर और चहनियां विकास खंड क्षेत्र का कार्य संचालित होता है.
आरोप है कि यहां एक साल से न तो नए राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं और न ही परिवार के सदस्यों के नाम जोड़े जा रहे हैं. विभाग की ओर से यह कहकर लोगों को लौटा दिया जाता है कि जनपद का लक्ष्य पूरा हो चुका है, इसलिए नए लाभार्थियों को नहीं जोड़ा जा सकता. ग्रामीणों का आरोप है कि एक ओर गरीब, मजदूर और जरूरतमंद लोग दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर कथित तौर पर धन उगाही कर सक्षम और संपन्न लोगों के नाम राशन कार्ड में जोड़ दिए जा रहे हैं. इससे गरीब, शोषित और वंचित वर्ग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जा रहा है, जबकि सरकार पात्रों को लाभ देने की बात करती है.
इसे भी पढ़ें : 44 वर्ष बाद बरी हुआ 100 साल का आरोपी : 1982 में इस वारदात को दिया था अंजाम, अदालत ने रिहा करते हुए कही ये बात
मुन्ना चौहान ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे. इस मामले में उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर ने कहा कि यदि शिकायत मिलती है तो जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह ने बताया कि 20 जनवरी के बाद से नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. फिलहाल वेबसाइट पर ई-केवाईसी सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें


