कुंदन कुमार/पटना। जिले के चौथम अंचल में सोमवार से अंचलाधिकारी और राजस्व अधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल के कारण अंचल में किसान रजिस्ट्रेशन, भूमि संबंधी दस्तावेज और राजस्व से जुड़े सभी कार्य ठप हो गए हैं। इसके अलावा जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र बनाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हड़ताल बिहार राज्य राजस्व अधिकारी संघ के आह्वान पर शुरू हुई है। संघ ने अपनी मांगों के समाधान तक राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी। इसके बाद चौथम अंचल के अधिकारी भी हड़ताल में शामिल हो गए, जिससे अंचल कार्यालय का कामकाज पूरी तरह से बंद हो गया।


हड़ताल से आम लोग अपने जरूरी कार्य पूरे नहीं कर पा रहे हैं। प्रमाण पत्र बनवाने, जमीन संबंधी दस्तावेजों और अन्य राजस्व संबंधी कामों के लिए लोग कार्यालय आते हैं, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति से उनका काम रुका हुआ है। इससे ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी देखी जा रही है।

स्थिति को गंभीर देखते हुए, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जिलाधिकारी को पत्र जारी किया। पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि सभी अंचल अधिकारी राजस्व अधिकारी से सरकारी गाड़ी, डोंगल और आलमारी की चाभी लेकर कार्यालय संचालन सुनिश्चित करें।