छपरा। शहर में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई प्रशासन की टीम पर बालू माफिया ने सरेआम हमला कर दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दहियावां टोला स्थित जगदम कॉलेज रेलवे ढाला के पास 25 से 30 बाइक सवार अपराधियों ने खनन निरीक्षक प्रदीप कुमार की गाड़ी को घेरकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया। इस हिंसक वारदात में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई हैं।

​रेलवे फाटक पर घात लगाकर हमला

घटना उस समय हुई जब खनन निरीक्षक एक अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले जा रहे थे। जगदम कॉलेज ढाला के पास रेलवे फाटक बंद होने के कारण उनकी गाड़ी रुक गई। इसी का फायदा उठाकर बाइक सवार हमलावरों ने सरकारी वाहन को चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने अचानक पथराव और लाठी-डंडों से प्रहार शुरू कर दिया, जिससे सरकारी गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

​जब्त ट्रैक्टर को छुड़ा ले गए माफिया

अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों की उग्रता देख पुलिसकर्मी भी संभल नहीं पाए। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा शोर मचाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन भागते समय वे पुलिस द्वारा जब्त किए गए बालू लदे ट्रैक्टर को भी अपने साथ जबरन छुड़ा ले गए।

​CCTV खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही DIG निलेश कुमार, SDPO और SDO समेत कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। DIG ने इसे पुलिस के मनोबल पर हमला बताते हुए कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी जारी है।