शशांक द्विवेदी, खजुराहो। वर्ल्ड यूनेस्को साइट खजुराहो को जल्द ही एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दरअसल, मध्य प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के मल्टी-टूरिज्म और वेलनेस प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के जरिए दतला पहाड़ को पन्ना टाइगर रिजर्व और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों से जोड़ते हुए एक नए पर्यटन कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।

70 हेक्टेयर में निजी भागीदारी से होगी विकसित

राजनगर तहसील अंतर्गत चितरई गांव में स्थित दतला पहाड़ के पास पर्यटन विकास बोर्ड करीब 70 हेक्टेयर भूमि पर 100 करोड़ की लागत से इस परियोजना को विकसित करने के लिए निजी निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। इसका क्रियान्वयन डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण मॉडल पर किया जाएगा। इसके तहत चयनित प्राइवेट कंपनी को 90 साल की लीज पर भूमि दी जाएगी। इस प्रोजेक्ट को पांच साल के अंदर पूरा करना होगा।

ये भी पढ़ें: सीएम डॉ मोहन ने की अटल प्रोग्रेस-वे परियोजना की समीक्षा: बोले- चंबल को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा 

पर्यटकों को मिलेगा नया अनुभव

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत दतला पहाड़ इलाके में ईको-फ्रेंडली कॉटेज, वेलनेस रिसॉर्ट्स, एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियां, ट्रेकिंग ट्रेल्स, योग-ध्यान केंद्र और प्रकृति आधारित पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे खजुराहो आने वाले टूरिस्ट को एक नया अनुभव मिलेगा। इतना ही नहीं खजुराहो और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय ग्रामीण और पर्यटक सेक्टर से जुड़े लोगों को फायदा भी होगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m