प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरा गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम, लूट में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरोह ने अपने गैंग का नाम ‘छल्ला’ रखा हुआ था और सभी आरोपी कुकदुर थाना क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

महीनों से दे रहे थे वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कई महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था। अंधेरे और सुनसान रास्तों पर राहगीरों तथा स्थानीय व्यापारियों को रोककर उनसे लूटपाट की जाती थी। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। कई मामलों में पीड़ितों के साथ मारपीट कर उनके हाथ-पैर तक तोड़ दिए गए।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

बैगा बाहुल्य क्षेत्र में फैला रखा था खौफ

जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर एक बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां इस गिरोह ने दहशत का माहौल बना रखा था। बाहरी लोगों और व्यापारियों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया जाता था। एसपी ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H