रायपुर। अमेरिका के क्वालिफाइंग स्कूल ग्रेजुएट झारेड हैक ने डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) पर अपने पहले ही टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन-ओपनर एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन 2026 का खिताब पांच शॉट के बड़े अंतर से अपने नाम किया। 1.5 करोड़ इनामी यह प्रतियोगिता फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिसॉर्ट, नया रायपुर में खेली गई।

झारेड हैक (63-61-63-59), जो रातों-रात तीसरे स्थान पर थे और लीड से एक शॉट पीछे थे, ने अंतिम राउंड में 10-अंडर 59 का सनसनीखेज़ स्कोर बनाते हुए इस कोर्स का अब तक का सबसे कम सिंगल-राउंड स्कोर दर्ज किया। लास वेगास निवासी झारेड, जो पिछले सप्ताह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालिफाइंग स्कूल में उपविजेता रहे थे, ने नया रायपुर में पहले से मौजूद 60 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए कुल 30-अंडर 246 के साथ सबसे कम विजयी स्कोर का नया रिकॉर्ड भी कायम किया। पिछले वर्ष यह रिकॉर्ड शौर्य भट्टाचार्य के नाम 27-अंडर 249 था।

भारत के अंशुल कबठियाल (62-61-63-65) ने 25-अंडर 251 के कुल स्कोर के साथ करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान हासिल किया। रातों-रात संयुक्त बढ़त में रहे अंशुल ने अंतिम दिन बेदाग 4-अंडर 65 खेला।

हनी बैसोया (62-61-63-67), जो रातों-रात संयुक्त लीडर थे, 23-अंडर 253 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। क्षितिज नवेद कौल (63), किशोर कार्तिक सिंह (64) और पूर्व पीजीटीआई नंबर-1 वीर अहलावत (65) 22-अंडर 254 के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे। पहले दो दिनों के लीडर अक्षय शर्मा 21-अंडर 255 के साथ मोहम्मद अज़हर के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर रहे।

36 वर्षीय झारेड हैक, जिन्होंने हाल ही में क्वालिफाइंग स्कूल में शानदार खेल दिखाया था, ने भारत की अपनी पहली यात्रा को और भी यादगार बनाते हुए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपने पहले ही स्टार्ट में जीत दर्ज की। इससे पहले झारेड कोर्न फेरी टूर, कनाडियन टूर और पीजीए टूर लातिनोअमेरिका पर खेल चुके हैं। उन्हें डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के बारे में अपने करीबी मित्र डोमिनिक पिचिरेल्लो से जानकारी मिली थी।

अंतिम दिन की शुरुआत में पहले होल पर बोगी के बाद झारेड ने ज़बरदस्त वापसी की। फ्रंट-नाइन पर लंबी दूरी से तीन अहम कन्वर्ज़न (दो बर्डी और एक ईगल) के बाद उन्होंने बैक-नाइन पर पार-4 12वें होल पर ग्रीन ड्राइव कर ईगल बनाया और पांच अन्य बर्डी जोड़ते हुए निर्णायक बढ़त हासिल की—ये सभी सटीक वेज शॉट्स और छोटे पुट्स का नतीजा थे।

जीत के बाद झारेड ने कहा, “डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपने पहले ही टूर्नामेंट में जीत हासिल करना बेहद खास है। पर्दे के पीछे की गई मेहनत पर मुझे गर्व है, जिसने मेरे खेल को नई ऊँचाई दी। भारत में अलग-अलग कोर्स और परिस्थितियों में खेलने को लेकर मैं उत्साहित हूँ—यहाँ की विविधता के बारे में मैंने बहुत सुना है।” उन्होंने आगे कहा, “इस हफ्ते मेरे आयरन और वेज शॉट्स बेहतरीन रहे। आज आठवें और 12वें होल पर बने दोनों ईगल मेरे लिए निर्णायक रहे। 12वें होल पर ग्रीन ड्राइव कर चार फुट का ईगल पुट मेरा टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ शॉट था।”

उन्होंने अपने दोस्तों डोमिनिक पिचिरेल्लो और कोइचिरो सातो का आभार जताते हुए कहा कि वे एक साल से अधिक समय से भारत में पीजीटीआई पर खेल रहे हैं और उन्होंने यहाँ की परिस्थितियों के अनुरूप ढलने में मेरी मदद की। पीजीटीआई अपने टाइटल पार्टनर डीपी वर्ल्ड तथा टूर पार्टनर्स अमूल, इंडसइंड बैंक, विक्टोरियस चॉइस, कैंपा, अमृतांजन इलेक्ट्रो प्लस, गोल्फ प्लस मंथली और गोल्फ डिज़ाइन इंडिया का टूर को आगे बढ़ाने में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता है।

प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के बारे में

पुरुषों की प्रोफेशनल गोल्फ प्रतियोगिताओं के लिए भारत की आधिकारिक शासी एवं स्वीकृति संस्था है। यह इंटरनेशनल गोल्फ फेडरेशन तथा इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ पीजीए टूर की मान्यता प्राप्त सदस्य है। पीजीटीआई के पीजीए टूर और डीपी वर्ल्ड टूर (यूरोपियन टूर) के साथ रणनीतिक गठबंधन हैं। पीजीटीआई इवेंट्स पर ऑफिशियल वर्ल्ड गोल्फ रैंकिंग (OWGR) अंक दिए जाते हैं। टूर के अध्यक्ष पद्म भूषण कपिल देव हैं।

डीपी वर्ल्ड के बारे में

डीपी वर्ल्ड वैश्विक व्यापार के भविष्य को नए सिरे से गढ़ रहा है ताकि दुनिया भर में जीवन बेहतर हो सके। छह महाद्वीपों में 1,25,000 से अधिक कर्मचारियों के साथ, डीपी वर्ल्ड पोर्ट्स और टर्मिनल्स से लेकर मरीन सर्विसेज, लॉजिस्टिक्स और टेक्नोलॉजी तक एंड-टू-एंड सप्लाई चेन समाधान प्रदान करता है।

गोल्फ, क्रिकेट, फ़ॉर्मूला 1 और सेलिंग में उनकी वैश्विक स्पोर्ट्स पार्टनरशिप्स सप्लाई चेन ट्रांसफॉर्मेशन में उनकी नेतृत्वकारी भूमिका को दर्शाती हैं चाहे वह SailGP की डिलीवरी हो, ICC T20 वर्ल्ड कप का समर्थन हो या द रायडर कप।