सत्या राजपूत, रायपुर। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की संभावित विरोध और धमकी के बावजूद छत्तीसगढ़ में आरटीई (राइट टू एजुकेशन) के तहत प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। शिक्षा विभाग ने बताया कि प्रथम चरण में 13 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 के बीच लॉटरी के माध्यम से सीटों का आबंटन किया जाएगा।

लोक शिक्षण संचालनालय से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक कुल 38,439 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 34,004 आवेदनों की जांच पूरी हो चुकी है, जबकि केवल 4,435 आवेदन शेष हैं। शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
संचालनालय ने स्पष्ट किया कि प्रथम चरण के अंतर्गत नोडल वेरिफिकेशन का कार्य 31 मार्च 2026 तक पूरा किया जाना था। लॉटरी और सीट आबंटन की प्रक्रिया 13 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 के बीच संपन्न की जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों का प्रवेश और दाखिला 1 मई से 30 मई 2026 तक सुनिश्चित किया जाएगा।
साथ ही, वर्ष 2025-26 की शुल्क प्रतिपूर्ति का सत्यापन कार्य 25 मई से 25 जून 2026 तक किया जाएगा।
दूसरे चरण में नए स्कूलों का पंजीयन 8 जून से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। स्कूलों का सत्यापन 25 जून तक पूरा किया जाएगा और विद्यार्थियों का पंजीयन 1 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। नोडल वेरिफिकेशन 15 जुलाई 2026 तक संपन्न होगा। इसके बाद लॉटरी और सीट आबंटन 27 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के बीच किया जाएगा। अंततः प्रवेश प्रक्रिया 3 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक पूर्ण की जाएगी।
संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। किसी भी तरह की अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

