अरविंद मिश्रा, बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के युवा फिल्मकार एस अंशु धुरंधर को कोलकाता में आयोजित इंटरनेशनल स्टार फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स (ISFFA) 2026 में भारतीय फिल्म श्रेणी के अंतर्गत द्वितीय सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ के जननायक दाऊ चिंताराम टिकरिहा पर आधारित नौ वर्षों के गहन शोध से निर्मित डॉक्यूमेंट्री के लिए प्रदान किया गया।
इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में विश्व के 70 देशों से सैकड़ों फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत स्टोरी टेलिंग, रचनात्मकता, तकनीकी गुणवत्ता और सांस्कृतिक प्रभाव जैसे विभिन्न मानकों पर फिल्मों का मूल्यांकन किया गया। 27 फरवरी को कोलकाता स्थित राज्य युवा केंद्र परिसर के विवेकानंद ऑडिटोरियम में नामांकित फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई तथा 28 फरवरी को आयोजित समारोह में विजेताओं को अवार्ड प्रदान किए गए।


फेस्टिवल निदेशक सैकत दास ने बताया कि बड़ी संख्या में प्राप्त प्रविष्टियों में से केवल कुछ ही फिल्मों को अंतिम चरण तक पहुंचने का अवसर मिला। उन्होंने शोध आधारित ऐतिहासिक विषय पर बनी इस डॉक्यूमेंट्री की प्रस्तुति और तकनीकी संतुलन की सराहना की। मार्च माह में इसी फिल्म का चयन बंगाल फिल्म एंड टेलीविजन चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित 11वें बंगाल इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल (BISFF) के लिए भी किया गया है।
16 साल की उम्र से फिल्म निर्माण से जुड़े हैं धुरंधर
एस अंशु धुरंधर 9 वर्ष की आयु से लेखन तथा 16 वर्ष की आयु से फिल्म निर्माण से जुड़े हुए हैं। अब तक वे पांच फिल्मों का निर्देशन और चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। वर्तमान में दो पुस्तकें और तीन फिल्में निर्माणाधीन हैं। देश-विदेश के 10 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में उनके कार्यों का चयन एवं सम्मान हो चुका है।

