दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता(Rekha Gupta) ने कहा है कि दिल्ली सरकार इस साल के केंद्रीय बजट में घोषित 5 नई यूनिवर्सिटी टाउनशिप में प्रस्तावित नरेला एजुकेशन हब को शामिल कराने के लिए केंद्र सरकार से प्रयास करेगी। मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। सीएम रेखा गुप्ता ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट दिल्ली के लिए संतुलित, शानदार और नई दिशा देने वाला है। उनके मुताबिक, इस बजट में शिक्षा, युवा और महिला सशक्तिकरण पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे राजधानी सहित पूरे देश को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेला एजुकेशन हब दिल्ली के उत्तरी हिस्से में शिक्षा का बड़ा केंद्र बन सकता है। यदि इसे यूनिवर्सिटी टाउनशिप के रूप में विकसित किया जाता है, तो इससे न सिर्फ उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि रोजगार और स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी। सीएम ने आगे कहा कि इस बार के बजट में महिलाओं, युवाओं और हर वर्ग के लिए अवसर पैदा किए गए हैं। शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट से जुड़े प्रावधान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मजबूत कदम हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार केंद्रीय बजट में किए गए प्रावधानों का अधिकतम लाभ उठाने की पूरी कोशिश करेगी। सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के लिए बजटीय सहायता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछले बजट में दिल्ली और पुड्डुचेरी के लिए पूंजी हस्तांतरण के तहत राज्यों को विशेष सहायता की राशि 6,275 करोड़ रुपये थी, जिसे 2026-27 के बजट में बढ़ाकर 15,380 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह बढ़ोतरी दिल्ली के विकास कार्यों के लिए अहम साबित होगी।

उन्होंने आगे बताया कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत दिल्ली को मिलने वाला आवंटन भी बढ़ाया गया है। वर्ष 2025-26 में 12,483 करोड़ रुपये के मुकाबले अब 2026-27 में 13,611 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिससे राजधानी को सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन अतिरिक्त संसाधनों से दिल्ली में इन्फ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को और मजबूती मिलेगी। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि बजट का लाभ आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचे।

दिल्ली को बजट से फायदा होगा

सीएम रेखा गुप्ता ने बजट में घोषित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बजट में हर जिले में लड़कियों के लिए हॉस्टल बनाने का प्रावधान किया गया है, जिससे छात्राओं को सुरक्षित और किफायती आवास मिलेगा। इसके साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं भी घोषित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के अस्पतालों के लिए फंड बढ़ाया गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से दिल्ली में लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि केंद्रीय बजट में घोषित दिल्ली–वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से राष्ट्रीय राजधानी के परिवहन बुनियादी ढांचे को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाएगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगी।

सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार बजट में की गई अन्य घोषणाओं का भी अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश करेगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली कैंपस में कंटेंट क्रिएटर लैब खोलने की घोषणा की गई है, जिसका फायदा युवाओं और छात्रों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। दिल्ली सरकार अपने स्कूलों और कॉलेजों को इस पहल से जोड़ने की दिशा में काम करेगी, ताकि युवाओं को नए दौर की डिजिटल और क्रिएटिव इंडस्ट्री के लिए तैयार किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m