पानीपत। हरियाणा के पानीपत के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित एक कॉलोनी में शनिवार शाम मामूली बात पर महिलाओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद की शुरुआत किराए के क्वार्टर से कपड़े गायब होने पर हुई थी, जिसने देखते ही देखते बड़े झगड़े का रूप ले लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विवाद की वजह और मारपीट

उत्तर प्रदेश के गोंडा की रहने वाली राजरजनी यहां कोठियों में साफ-सफाई का काम करती है। राजरजनी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे उसके कमरे से कुछ कपड़े गायब हो गए थे। वह परेशान होकर आसपास कपड़े ढूंढ रही थी और खुद से बड़बड़ा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिलाओं को लगा कि उन पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई जो गाली-गलौज से होती हुई मारपीट तक जा पहुंची।

मां और बेटी के साथ हुई हाथापाई

राजरजनी का आरोप है कि पड़ोस की चार महिलाओं ने उस पर अचानक हमला कर दिया। महिलाओं ने उसे बाल पकड़कर गली में घसीटा और जमकर मारपीट की। जब उसकी बेटी बचाव करने आई तो आरोपी पक्ष ने उसे भी घेर लिया। हैरानी की बात यह रही कि महिलाओं के इस झगड़े में छोटे बच्चे भी शामिल हो गए और उन्होंने भी मां-बेटी के साथ धक्का-मुक्की की। इस घटना में मां के चेहरे पर नाखूनों के निशान आए हैं और बेटी के कान पर चोट लगी है।

आपसी समझौते से थमा विवाद

झगड़े के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देने की तैयारी की थी। हालांकि देर शाम कॉलोनी के अन्य निवासियों और मोजिज लोगों ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की गई, जिसके बाद आपसी रजामंदी से समझौता हो गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस के पास कोई औपचारिक केस दर्ज नहीं कराया गया है।