गोपालगंज। जिले के नगर थाना क्षेत्र के दरगार रोड (वार्ड-25), खजूरिया गांव में रास्ते के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई इस मारपीट में एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय ‘मॉडल अस्पताल’ में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

​20 साल पुराने जमीन सौदे से जुड़ा है विवाद

​पीड़ित कृष्णा महतो के अनुसार, उन्होंने करीब 20 वर्ष पहले आरोपियों के पिता से ही जमीन खरीदकर अपना मकान बनाया था। घर तक आने-जाने का एकमात्र रास्ता आरोपियों के परिसर से होकर गुजरता है। आरोप है कि जमीन बेचने के बावजूद आरोपी पक्ष अक्सर रास्ते को बाधित करता है, जिससे दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है।

दुकान जा रहे परिवार पर जानलेवा हमला

​घटना उस वक्त हुई जब कृष्णा महतो के पुत्र ‘बड़े साहब’ अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दुकान जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने कथित तौर पर दो वर्षीय मासूम बच्ची ‘आलिया’ को उसकी मां की गोद से छीनकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पूरे परिवार पर हमला बोल दिया गया।
​बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग भी लहूलुहान
​शोर सुनकर जब बड़े साहब के पिता कृष्णा महतो और अन्य परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। घायलों की सूची इस प्रकार है:
​कृष्णा महतो और उनकी पत्नी एजुमरातम
​बड़े साहब और उनकी दो पुत्रियां (आलिया व करिश्मा)
​छोटे साहब का पांच वर्षीय पुत्र राजा साहब

पुलिस की कार्रवाई जारी

​घटना के बाद पीड़ित परिवार ने नगर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।