अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए SDM कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान निगरानी टीम ने 70 हजार रुपए का रिश्वत लेते हुए लिपिक मयंक कुमार और स्टेनो प्रेम कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

सेवा संपुष्टि के नाम पर मांगी 70 हजार की घूस

जानकारी के अनुसार, नाथनगर आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत अभिजीत कुमार से लंबे समय से रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप है कि दोनों कर्मचारी सेवा संपुष्टि कराने के बदले 70 हजार की मांग कर रहे थे, जिससे अभिजीत काफी परेशान हो गए थे। उन्होंने इस मामले की लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग में की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद आरोप सही पाए गए, जिसके बाद विभाग ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया।

निगरानी टीम ने जाल बिछाकर की छापेमारी

निगरानी विभाग की टीम, जिसका नेतृत्व डीएसपी विंध्याचल प्रसाद कर रहे थे, उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया, जैसे ही SDM कार्यालय में रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, टीम ने मौके पर छापेमारी कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।

दोनों आरोपियों पटना ले गई टीम

इस कार्रवाई के बाद SDM कार्यालय समेत पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों के बीच इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को निगरानी टीम अपने साथ पटना लाई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

ये भी पढ़ें- रोहतास पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 7 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, आपत्तिजनक सामान बरामद