कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर की बेटी अनुष्का शर्मा ने भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए उनका चयन किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर करते हुए अनुष्का शर्मा से ग्वालियर एयरपोर्ट पर खास मुलाकात की। साथ ही सीएम ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अनुष्का शर्मा से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुलाकात की। ग्वालियर एयरपोर्ट पर अपनी ट्रांजिट विजिट के दौरान मुख्यमंत्री ने अनुष्का शर्मा को पुष्प गुच्छ भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस खास मौके पर अनुष्का के पिता ब्रजमोहन शर्मा, कलेक्टर रुचिका चौहान भी मौजूद रही।

अनुष्का शर्मा ने टीम में सिलेक्ट होने पर कहा कि उनके लिए यह सीरीज बहुत खास है क्योंकि वह पहली बार भारत के बाहर T20 सीरीज खेलने जा रही हैं। साउथ अफ्रीका की टीम बहुत मजबूत है। ऐसे में सीरीज के दौरान अच्छा कंपटीशन मैदान में देखने के लिए मिलेगा। उन्होंने विश्वास जाहिर किया है कि भारतीय टीम यह सीरीज जीतकर भारत का नाम रोशन की करेगी।

अनुष्का शर्मा के पिता ब्रजमोहन शर्मा का भी कहना है कि उनकी बेटी ने शहर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अनुष्का का उत्साहवर्धन किया है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली पांच मैचों की T20 सीरीज में अनुष्का बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी। जिसके जरिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इस सीरीज में जीत हासिल होगी। ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने भी अनुष्का शर्मा को बधाई दी है।

बता दें कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम साउथ अफ्रीका के साथ 5 मैचों की टी20 मैच खेलेगी। ग्वालियर की अनुष्का शर्मा का भी टीम में सिलेक्शन हुआ है, जिसकी घोषणा की जा चुकी है। अनुष्का शर्मा पहली बार भारत की टी20 टीम में शामिल हुई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m