Bihar News: सीएम नीतीश के राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद से दिल्ली से लेकर बिहार तक सियासी माहौल गरमाया हुआ है। नीतीश कुमार अगले एक-दो दिनों में सीएम पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि उनके इस्तीफा देने से पहले ही प्रदेश में नई सरकार के गठन और सीएम पद को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। इस कड़ी में आज रविवार (12 अप्रैल) को सीएम आवास में एक बड़ी और अहम बैठक होने जा रही है। जिसपर सभी की निगाहें टिकी हुई है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा संभव

मुख्यमंत्री नीतीश की अध्यक्षता में सीएम आवास पर होने वाली इस बैठक में राज्य के नए सीएम के साथ-साथ भविष्य में जदयू की भूमिका पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, मंत्रियों की संख्या और विभागों के बंटवारे जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। गौर करने वाली बात यह है कि बीजेपी और जदयू के विधायकों को पटना में ही मौजूद रहने के लिए कहा गया है। इस बैठक में कंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी शामिल हो सकते हैं।

14 को इस्तीफा दे सकते हैं नीतीश

सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार कल सोमवार 13 अप्रैल को अपने कैबिनेट की आखिरी बैठक कर सकते हैं। इसके बाद वे सीएम पद से इस्तीफा दे देंगे, जिसके बाद 14 अप्रैल को खरमास खत्म होने के बाद नई सरकार का गठन होगा। हालांकि इन सबके बीच कल शनिवार को पटना में राजनीतिक हलचल उस समय तेज हो गई, जब इन सभी चर्चाओं के बीच 1 अणे मार्ग से सामान 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट किया जानें लगा। बता दें कि सीएम आवास पर कल भी बैठक हुई थी और देर शाम दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने सीएम नीतीश से मुलाकात भी की थी।

सम्राट या श्रेयसी कौन बनेगा सीएम?

सूत्रों के अनुसार 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। वहीं, 15 अप्रैल को नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी है। नीतीश के इस्तीफे के बाद बिहार की सत्ता में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। कहा जा रहा है कि बीजेपी कोटे से किसी को राज्य का अगला सीएम बनाया जा सकता है।

इसमें मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि चर्चा यह भी चल रही है कि बीजेपी किसी महिला को भी राज्य का कमान सौंप सकती है। इसमें श्रेयसी सिंह का नाम सुनने को मिल रहा है, जिन्होंने बीते 10 अप्रैल को दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी।

निशांत बन सकते हैं डिप्टी सीएम

सीएम पद जहां बीजेपी के खाते में जाने की उम्मीद है। वहीं, हर बार की तरह इस बार भी नई सरकार में दो डिप्टी सीएम के होने की उम्मीद है। हालांकि देखने वाली बात यह होगी की क्या डिप्टी सीएम के दोनों पदों पर जदयू का कब्जा होता है या फिर एक बीजेपी और एक जदयू के खाते में आता है। वहीं, विधानसभा स्पीकर का पद भी जदयू के खाते में जाने की चर्चा चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी सीएम पद के लिए निशांत कुमार का नाम आगे चल रहा है।

ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा फैसला: अब यह काम नहीं कर पाएंगे सरकारी डॉक्टर, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई