T20 World Cup 2026: भारत ने कल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले को अपने नाम कर लिया है। भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरकार यह इतिहास रचा। भारत का यह तीसरा टी-20 विश्व कप खिताब था। इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी 2007 और रोहित शर्मा 2024 में यह कारनामा कर चुके हैं। खास बात यह रही की सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में भारत पहली बार टी-20 विश्वकप में अपने घर पर विश्व चैंपियन बना।

CM नीतीश ने टीम इंडिया को दी बधाई

भारत के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर बिहार के मुखिया नीतीश कुमार ने टीम इंडिया को बधाई दी है। सीएम नीतीश ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश के लिए गर्व और हर्ष का क्षण है। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना से देश का नाम विश्व पटल पर रौशन किया है।

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा- टीम इंडिया के कप्तान सूर्य कुमार यादव जी सहित सभी खिलाड़ियों, कोच तथा सहयोगी स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई। विशेष रूप से बिहार के लाल एवं अत्यंत प्रतिभाशाली खिलाड़ी ईशान किशन को भी मेरी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं, जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सीएम नीतीश ने यह विश्वास जताया कि भारतीय टीम आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करती रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

तेजस्वी ने भी दी टीम इंडिया को बधाई

राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी टीम इंडिया को टी-20 में विश्व चैंपियन बनने पर बधाई दी है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- टी-20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। शानदार! सूर्य कुमार यादव और टीम।

भारत ने 96 रनों से दर्ज की जीत

मैच की बात करे तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (89) और अभिषेक शर्मा (52) ने रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं, इशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रनों की खेली। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंद में 26 रन बनाए।

256 का विशाल लक्ष्य हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लगातार विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 19 ओवर में 10 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। टीम साइर्फट ने सबसे अधिक 52 रनों की पारी खेली। वहीं, कप्तान मिचेल स्टैनर ने 43 रन बनाए। इस तरह भारत ने 96 रनों से जीत हासिल करते हुए तीसरी बार टी-20 का विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

ये भी पढ़ें- अगले 48 घंटे भारी! बिहार के कई जिलों में तेज आंधी-बारिश की चेतावनी, विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह