कुंदन कुमार/ पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर बुधवार शाम इफ्तार पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में न केवल राजनीतिक गलियारों की गहमागहमी दिखी, बल्कि पारिवारिक रिश्तों और बदलते प्रोटोकॉल ने भी सबका ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री आवास के गेट नंबर-13 पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, जहां केवल वैध पास दिखाने पर ही अतिथियों को प्रवेश दिया जा रहा था।
नीतीश का नया अंदाज
इस साल की इफ्तार पार्टी में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। आमतौर पर जिस स्थान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बैठते थे, वहां इस बार उनके बेटे निशांत कुमार टोपी और गमछा पहनकर रोजेदारों के बीच सबसे आगे बैठे नजर आए। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विनम्रता के साथ पीछे की कतार में कुर्सी पर दोनों हाथ जोड़कर बैठे दिखे। निशांत की इस सक्रिय मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।

सत्ता के दिग्गजों का जमावड़ा
कार्यक्रम की शुरुआत नमाज के साथ हुई, जिसके बाद सभी ने मिलकर इफ्तार किया। इस अवसर पर बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री-सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा-भी मौजूद रहे। उनके साथ मंत्री विजय चौधरी, जमा खान, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित कई विधायक और विधान पार्षद (MLC) शामिल हुए। ‘समृद्धि यात्रा’ से लौटने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री इस आयोजन का हिस्सा बने।

हज भवन के बाद आवास पर आयोजन
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को भी पटना के हज भवन में मंत्री जमा खान द्वारा इफ्तार पार्टी आयोजित की गई थी। उस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत दोनों पहुंचे थे, हालांकि नीतीश कुमार वहां महज दो मिनट रुककर वापस लौट गए थे। बुधवार को अपने आवास पर आयोजित इस पार्टी में मुख्यमंत्री पूरे समय मौजूद रहे और सभी अतिथियों का अभिवादन स्वीकार किया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

