कुंदन कुमार, पटना। सीएम नीतीश के ‘समृद्धि यात्रा’ के पांचवे चरण की आज सोमवार (23 मार्च) से शुरुआत हो रही है। पांचवें चरण के पहले दिन यह यात्रा जहानाबाद और अरवल जिले में रहेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री दोनों जिलों के लिए विकास का पिटारा खोलते हुए कई परियोजनाओं की सौगात देने का काम करेंगे। इसके साथ ही वह सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। सीएम नीतीश के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जहानाबाद को 252 करोड़ की सौगात

‘समृद्धि यात्रा’ के तहत सीएम नीतीश जहानाबाद जिले को कुल 252 करोड़ की योजनाओं की सौगात देने का काम करेंगे। इस दौरान सीएम जिले के विकास हेतु 182 करोड़ की लागत वाली 73 योजनाओं का शिलान्यास और 70 करोड़ की 88 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, वह जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री आयोजित जनसभा को संबोधित करने का भी काम करेंगे।

अरवल को 153 करोड़ की सौगात

जहानाबाद के अलावा ‘समृद्धि यात्रा’ अरवल जिले में भी पहुंच रही है। इस अवसर पर सीएम नीतीश अरवल को 153 करोड़ की विकास परियोजनाओं का सौगात देने का काम करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले के सर्वांगीण विकास हेतु 63 करोड़ की 22 योजनाओं का शिलान्यास और 90 करोड़ की 250 याजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा अन्य जिलों की तरह अरवल में भी सीएम नीतीश जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस मौके पर सीएम नीतीश के साथ दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। उनके अलावा जदयू के भी कई मंत्री और स्थानीय नेता व पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

पटना में होगा समापन

समृद्धि यात्रा के पाचवें चरण में सीएम नीतीश 4 दिनों में कुल 6 जिलों का दौरा करेंगे। कल 24 मार्च को कैमूर और रोहतास व 25 मार्च को भोजपुर और बक्सर में यात्रा रहेगी। वहीं, 26 मार्च को पटना में समृद्धि यात्रा का समापन होगा।

खबरों के मुताबिक समृद्धि यात्रा के समापन होने पर नीतीश कुमार सीएम पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद सीएम पद के चुनाव को लेकर एनडीए की बैठक और मंथन का दौर शुरू हो सकता है।

ये भी पढ़ें- बिहार में मौसम का U-टर्न: 48 घंटे की आंधी-पानी के बाद अब भीषण गर्मी का अलर्ट जारी, जानें फिर कब लौटेगी बारिश?