दिल्ली सरकार ने राजधानी को स्वच्छ, प्रदूषण-मुक्त और सुंदर बनाने की दिशा में एक और अहम लक्ष्य हासिल किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के तहत दिल्ली क्षेत्र के सभी 143 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम यानी एंटी-स्मॉग गन (ASG) लगाने का लक्ष्य तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए दिल्ली मेट्रो की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम राजधानी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वायु प्रदूषण से निपटना दिल्ली सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए जमीनी स्तर पर ठोस व व्यावहारिक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में मेट्रो जैसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में अब तक 131 मिस्ट स्प्रे सिस्टम और 12 एंटी-स्मॉग गन स्थापित की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर तकनीकी कारणों से मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाना संभव नहीं था, वहां एंटी-स्मॉग गन लगाई गई हैं, ताकि प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में कोई कमी न रह जाए।

89 ऑन-रोड और 54 ऑफ-रोड मेट्रो स्टेशन शामिल

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत 89 ऑन-रोड और 54 ऑफ-रोड एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ मेट्रो यात्रियों और आम नागरिकों को अधिक स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगी।

50 पिलर्स पर आर्टवर्क का कार्य पूरा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ दिल्ली के सौंदर्यीकरण पर भी सरकार समान रूप से ध्यान दे रही है। इसी क्रम में दिल्ली मेट्रो के विभिन्न कॉरिडोर पर स्थित 50 पिलर्स पर आर्टवर्क का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन कलाकृतियों में प्रकृति, फूलों, पक्षियों और भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को दर्शाया गया है, जिससे शहर की पहचान और सौंदर्य में और निखार आएगा।

‘विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करेंगे’

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल राजधानी को प्रदूषण से राहत देना नहीं है, बल्कि इसे एक सुंदर, जीवंत और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि मेट्रो स्टेशनों पर मिस्ट स्प्रे, एंटी-स्मॉग गन और पिलर्स पर किए गए आर्टवर्क इसी व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में सरकार पर्यावरण संरक्षण और शहरी सौंदर्यीकरण के लिए इसी तरह प्रभावी कदम उठाती रहेगी। उन्होंने पूरे अभियान में सहयोग देने वाले सभी विभागों और एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि आपसी समन्वय से ही दिल्ली को एक स्वच्छ और बेहतर राजधानी बनाया जा सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m