लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी का आज स्थापना दिवस है. पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आज स्थापना दिवस कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं. इसी कड़ी में यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कार्यालय में पार्टी के ध्वज का ध्वजारोहण करेंगे. साथ ही महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहेंगे. स्थापना दिवस के अवसर पर सीएम योगी ने भी बधाई दी है.

योगी ने एक्स पर लिखा है कि ‘विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई. मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों और सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है.’

इसे भी पढ़ें : सीतापुर अग्निकांड का सीएम योगी ने लिया संज्ञान, परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर देने की प्रक्रिया भी शुरू

योगी ने आगे कहा कि ‘Nation First की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देश वासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है. भाजपा की यह विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है. विस्तार की नहीं, विचार की है. ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है. हर कार्यकर्ता की निष्ठा, निरंतरता और निःस्वार्थ भाव ने ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को गति दी है. राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में सहभागी सभी विभूतियों का अभिनंदन.’