Noida Airport Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम योगी की मौजूदगी में एशिया के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट में डिजिटल प्रोसेस, ओपन-एयर कोर्टयार्ड की सुविधा मिलेगी. लोकल फूड और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसी सहूलियतें और सुविधा, आराम, संस्कृति का भी संगम देखने मिलेगा. एयरपोर्ट डिजिटल टेक्नोलॉजी पर आधारित होगा. जिसमें यूपी समेत भारत की सांस्कृतिक विरासत दिखेगी. एयरपोर्ट के उद्घाटन पर सीएम योगी ने यूपी वासियों को बधाई दी है.

सीएम ने लिखा कि ‘नया उत्तर प्रदेश’ आज प्रगति की एक नई उड़ान भरते हुए उद्घोष कर रहा है कि जब संकल्प मजबूत हो, साहस अडिग हो और आत्मविश्वास अटल हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रह सकता है और जेवर का यह एयरपोर्ट उसी संकल्प की सिद्धि की परिणति है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रथम चरण का उद्घाटन हुआ.

इसे भी पढ़ें : ‘मुझे भी डराने की कोशिश की गई थी…’, PM मोदी ने सपा पर बोला हमला, कहा- नोएडा को अपनी लूट का ATM बना लिया था

योगी ने लिखा कि यह विश्वस्तरीय एयरपोर्ट न केवल उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने का आधार बनेगा बल्कि निवेश, व्यापार और औद्योगिक विकास को गति देते हुए लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा. प्रधानमंत्री इस परियोजना को साकार स्वरूप प्रदान करने के लिए समर्पित रहे अन्नदाता किसान बंधुओं का हार्दिक आभार और प्रदेश वासियों को हृदय से बधाई.