लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) दौरे पर रहे. यहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए. सीएम योगी ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर स्थित मां कालिका माता जी के मंदिर में दर्शन किए. वहीं इसके बाद वे जौहर श्रद्धांजलि समारोह में शामिल हुए. सीएम ने कहा कि महारानी पद्मिनी का जौहर का संकल्प नारी गरिमा का प्रतीक था. वहीं उन्होंने कहा कि बलिदानियों की महान परंपरा को हर भारतीय नमन करता है.

सीएम योगी ने इस दौरे की कुछ तस्वीरें साझा की है. माता कालिका जी के दर्शन की तस्वीर साझा करते हुए सीएम ने लिखा कि ‘राजस्थान के दुर्ग, चित्तौड़गढ़ स्थित श्री कालिका माता जी की आज विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. अखिल सृष्टि की आराध्या मां भगवती से सभी के जीवन में शुभता, समृद्धि और आरोग्यता हेतु प्रार्थना है.’

इसे भी पढ़ें : 9 वर्षों में हम सभी ने… CM योगी ने पत्र लिखकर जनता को दिया खास संदेश, जानिए मुख्यमंत्री ने आखिर ऐसा क्या कहा?

सीएम योगी ने श्रद्धांजलि समारोह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि ‘महारानी पद्मिनी का जौहर का संकल्प नारी गरिमा का प्रतीक था. भारतीय नारी के शौर्य और स्वाभिमान को सम्मान देने के लिए आज जौहर स्मृति संस्थान के तत्वावधान में वीर भूमि चित्तौड़गढ़, राजस्थान में आयोजित जौहर श्रद्धांजलि समारोह में महाराणा साहेब विश्वराज सिंह जी मेवाड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौर के साथ सहभाग किया. उत्तर हो, दक्षिण हो, पूरब हो या पश्चिम, महाराणा प्रताप, महाराणा सांगा, महारानी पद्मिनी, महाराणा कुंभा और बप्पा रावल जैसे वीर योद्धाओं एवं बलिदानियों की महान परंपरा को हर भारतीय नमन करता है. भव्य आयोजन के लिए सभी का हृदय से अभिनंदन और जौहर व्रत को धारण करने वाली महान वीरांगनाओं व वीर माताओं को नमन.’