टुकेश्वर लोधी, आरंग। ग्राम रसनी स्थित श्री कृष्णा सॉल्वेंट प्लांट में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. प्लांट में नाइट शिफ्ट के दौरान हुए एक मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक मजदूर ने दूसरे मजदूर के शरीर (मलद्वार) में एयर ब्लोअर मशीन से हवा भर दी. इस जानलेवा कृत्य से पीड़ित की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसका महासमुंद के एक निजी अस्पताल में उपचार जारी है.

यह भी पढ़ेें : हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में रचा गया इतिहास, पहली बार हिन्दी विषय के दृष्टिबाधित शोध छात्र का हुआ पीएचडी वायवा…

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 मार्च की रात की है. प्लांट में नाइट शिफ्ट के दौरान आरोपी मजदूर मोती साहू एयर ब्लोअर मशीन से काम कर रहा था, वहीं पीड़ित मजदूर ड्यूटी शुरू करने के लिए अपने कपड़े बदल रहा था. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर हल्की नोक-झोंक हो गई.

विवाद से आक्रोशित होकर आरोपी मोती साहू ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अचानक पीड़ित के मलद्वार पर एयर ब्लोअर लगा दिया. हवा का दबाव इतना अधिक था कि पीड़ित वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा.

आंतों में सूजन और संक्रमण

घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने पीड़ित को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे महासमुंद के निजी अस्पताल में रेफर किया गया. चिकित्सकों के अनुसार, शरीर के भीतर हवा के अत्यधिक दबाव के कारण पीड़ित की आंतों में गंभीर सूजन आ गई है और पेट में संक्रमण (Infection) फैल गया है. फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

मामले की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी मोती साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या के प्रयास का मामला, परिस्थितियों के आधार पर) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है. पुलिस अधिकारी मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच करते हुए प्लांट में सुरक्षा मानकों व कार्यस्थल पर विवादों की स्थिति को लेकर भी पूछताछ कर रहे हैं.