रोहित कश्यप, मुंगेलीl जिले में लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक ढिलाई पर सोमवार को कलेक्टर कुन्दन कुमार का सख्त रूप देखने को मिला। बिना किसी पूर्व सूचना के जिला कलेक्टोरेट के विभिन्न कार्यालयों में औचक निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी।

निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी-कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे, तो कुछ पूरी तरह अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर का पारा चढ़ गया। लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल 25 अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। अचानक हुई इस कार्रवाई से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यालयों की कार्यप्रणाली में अनुशासन, समयपालन और पारदर्शिता सर्वोपरि है तथा आमजन की सुविधा से कोई भी समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधितों पर और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर की इस कार्रवाई को प्रशासनिक कसावट की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है l

इन कार्यालयों का किया गया निरीक्षण

नजूल शाखा, भू-अभिलेख शाखा, शिक्षा विभाग, डीएमएफ शाखा, डिजिटल अभिलेखागार, खेल विभाग, नागरिक आपूर्ति निगम कार्यालय, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सहकारिता विभाग, आदिवासी विकास विभाग, अंत्यावसायी विभाग, रीडर व आवक-जावक शाखा, समाज कल्याण विभाग, वरिष्ठ लिपिक शाखा, शिकायत शाखा, स्थापना शाखा, अधीक्षक कक्ष, आबकारी विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यालय का कलेक्टर नें निरीक्षण किया और कार्यालयीन कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति आदि का जायजा लिया और समयबद्धता के साथ कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अनुपस्थित 25 अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक नदीम काजी, अंत्यावसायी विभाग के कार्यपालन अधिकारी देवेन्द्र जांगड़े, जिला उद्योग विभाग केन्द्र के महाप्रबंधक किशोर राजपूत व सहायक प्रबंधक उत्तम दुबे, भू-अभिलेख शाखा के अधीक्षक रिचा गुप्ता व सहायक अधीक्षक भूमिका तिवारी और विभिन्न विभागों के सहायक ग्रेड 02 व 03, स्टेनोटायपिस्ट और डाटा एन्ट्री आपरेटर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।