कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानमंडल में बजट सत्र जारी है। दो दिनों के अवकाश के बाद आज सोमवार (9 फरवरी) को फिर से सदन की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। सदन में आज बजट पर विस्तार से चर्चा होनी है।
सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए सीएम नीतीश कुमार विधानसभा पहुंचे हुए हैं। वहीं, कांग्रेस के विधायक सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। सीएम नीतीश जैसे ही सदन पहुचंते है, कांग्रेस विधायक पप्पू यादव की रिहाई की मांग को लेकर उनके सामने ही प्रदर्शन करने लगते हैं।
‘राष्ट्रव्यापी आंंदोलन करने वाले थे पप्पू यादव’
विधानसभा में प्रदर्शन कर रहे हैं कांग्रेस के विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि, नीट छात्रा हत्या मामले को लेकर पप्पू यादव राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने वाले थे। रविवार के दिन भी उनका आंदोलन होने वाला था। यही कारण रहा कि किसी ने किसी बहाने पटना पुलिस ने उन्हें शुक्रवार की देर रात उनको गिरफ्तार कर लिया।
पप्पू यादव की गिरफ्तारी गलत- अभिषेक रंजन
अभिषेक रंजन ने कहा कि, पप्पू यादव दिल्ली में भी लगातार नीट छात्रा की हत्या के मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधते रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन के करतूत का पर्दाफाश किया था। यही कारण है कि उनकी गिरफ्तारी हुई है।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि, यह सरकार जानबूझकर ऐसा काम कर रही है। बिहार की जनता सब देख रही है कि किस तरह से सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी की गई है। समय आने वाला है, जनता इन्हें जवाब देगी। उन्होंने अंत में फिर से कहा कि, हम मानते हैं कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी पूरी तरह से गलत है।
राजद ने की राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग
वहीं, दूसरी तरफ राजद के विधायकों ने आज दरभंगा में हुए छः वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया और सरकार को सदन के इस मामले पर जवाब देने को कहा। राजद के विधायक गौतम कृष्ण ने कहा कि, बिहार में लगातार बच्चियों के साथ दुष्कर्म का मामले बढ़ रहे हैं और सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। वही पप्पू यादव के गिरफ्तारी को भी दुर्भावना से प्रेरित बताया और कहा कि सरकार उनके साथ गलत कर रही हैं। वहीं जब उनसे सवाल किया गया कि मुख्यमंत्री जी आए तो आप लोग चुप हो गए इस पर गौतम कृष्ण ने पोस्टर दिखाते हुए कहा कि, हम डरे नहीं हमने उनके सामने में ही हाय-हाय के नारे लगाए।
कांग्रेस ने पप्पू यादव को किया था बेइज्जत- माधव आनंद
वहीं,राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक माधव आनंद ने कहा कि-पप्पू यादव की गिरफ्तारी पुराने मामले को लेकर हुई है। कोर्ट ने गिरफ्तारी का आदेश दिया है। कांग्रेस पार्टी के लोग अब प्रदर्शन कर रहे हैं। आप समझ लीजिए कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जो पप्पू यादव को अपने पार्टी तक में शामिल नहीं किया। भारी बेइज्जत किया था उनको और आज पप्पू यादव को लेकर इनके दिल का दर्द झलक रहा है।
उन्होंने कहा कि, कांग्रेस पार्टी का वजूद ना बिहार में है ना उत्तर प्रदेश में है ना देश के अन्य राज्यों में है। ऐसी पार्टी इसी तरह के मुद्दे को लेकर बयान बाजी करती है। माधव आनंद ने कहा कि, नीट छात्रा हत्या मामले की जांच सीबीआई कर रही है, उस पर कुछ बोलना उचित नहीं है।
ये भी पढ़ें- जल्द जेल से बाहर आ सकते हैं पप्पू यादव! सांसद की जमानत याचिका पर सुनवाई आज, तेज हुई सियासी हलचल
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


