नितिन नामदेव, रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब को लेकर एक बार फिर सियासत तेज है. होली के दिन शराब की दुकानें खुलने के फैसले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बोला हमला है. इस पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर ही सवाल उठाया है.
कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा होली महत्वपूर्ण त्योहार है. सबसे ज्यादा आपराधिक घटनाएं होली के समय होती है. लेकिन इस बार होली के दिन भी शराब दुकान खुली रहेगी. कैसा माहौल रहेगा समझा जा सकता है, लेकिन भाजपा को शराब से पैसा कमाना है. भाजपा सरकार प्रदेश को नशे में झोंकने का काम कर रही है.

समय अनुसार लिए जाते है निर्णय – गुरु खुशवंत साहेब
वहीं प्रदेश की नई आबकारी नीति में 7 दिन की जगह 3 दिन ड्राई डे रखे जाने का मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बचाव करते हुए कहा कि यह सभी निर्णय समय के अनुसार लिए जाते है. हम सब का एक ही भाव है कि सभी नशे से दूर रहें. गुरु घासीदास बाबा ने कहा है कि खानी, बानी और सयानी. जैसा खाएंगे वैसा रहेगा मन, जैसा पियेंगे पानी, वैसे रहेगी वाणी. नशे के खिलाफ सरकार जनजागरुकता अभियान चला रही है. पदयात्रा में भी उसी संदेश को प्रचारित किया जाएगा कि नशे से सभी दूर रहें.
कांग्रेस आंदोलन-प्रदर्शन के जरिए डरा रही – पुरंदर मिश्रा
वहीं त्योहारों पर शराब दुकानों के खुले रखने पर कांग्रेस के तंज पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का यह दुर्भाग्य है कि रात-दिन कांग्रेसी नए-नए प्रयोग कर रहे हैं. आंदोलन, प्रदर्शन से जनता को डरा रहे हैं. जनता ने बीजेपी को पंच से पार्लियामेंट तक आशीर्वाद दिया है. साय सरकार जनता के हित में काम कर रही है. 3200 करोड़ का भ्रष्टाचार करने वाले हमको बुद्धि ना दें. हमको श्रीराम ने बुद्धि दिया, भगवान ने बुद्धि दिया है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


