कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना के इनकम टैक्स चौराहे पर आज रविवार को कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला जलाया गया। कांग्रेस का आरोप है कि एआई समिट के दौरान हुए अधनंग प्रदर्शन के मामले में युवाओं की गिरफ्तारी गलत है। इसी के विरोध में आज यह प्रदर्शन किया गया।

विरोध करना कोई अपराध नहीं- अभिषेक रंजन

प्रदर्शनकारियों ने “कृष्ण हरि को रिहा करो” और “एप्सटिन फाइल डील पर जवाब दो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस का दावा है कि एप्सटिन फाइल डील में कई भाजपा नेताओं के नाम सामने आए हैं, जिस पर सरकार जवाब दे। इस मौके पर कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि जब सत्ता में बैठे लोग “गूंगे और बहरे” हो जाते हैं, तब युवाओं को आवाज़ बुलंद करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि एआई समिट में विरोध करना कोई अपराध नहीं है और लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है। उनके मुताबिक, जिन युवाओं ने विरोध किया, उन्होंने देश-विरोधी कोई काम नहीं किया।

जाने क्या है पूरा मामला?

दरअसल भारत मंडपम में चल रहे एआइ समिट के दौरान बीते शुक्रवार (20 फरवरी) को उस समय हंगामा मच गया जब यूथ कांग्रेस के 20 से 30 कार्यकर्ताओं ने यूएस डील को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने हाल ही में हुए भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओें ने शर्टलेस होकर पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी भी की। हंगामा बढ़ते देख पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।

ये भी पढ़ें- CM नीतीश ने ‘सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला’ का किया शिलान्यास, ग्रामीण विकास मंत्री समेत अन्य लोग रहे मौजूद