IPL 2026 सीजन में अब तक खराब प्रदर्शन से जूझ रही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए चौथे मुकाबले से पहले एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस पूरी तरह फिट हो चुके हैं और 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 19वां सीजन अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने अपने शुरुआती तीनों मुकाबले गंवाए हैं और हर मैच में एकतरफा हार का सामना करना पड़ा है। सीजन शुरू होने से पहले ही टीम के कई खिलाड़ी चोट से जूझ रहे थे, जिनमें साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस का नाम भी शामिल था। ब्रेविस को साइड स्ट्रेन की समस्या के कारण शुरुआती तीन मैचों से बाहर रहना पड़ा था।

हालांकि अब ब्रेविस की फिटनेस को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ब्रेविस ने खुद अपनी वापसी के संकेत दिए। फैंस से बातचीत में उन्होंने कहा, “आप सभी से 11 तारीख को मुलाकात होगी… हर मैच में, हम जहां भी खेलेंगे।” उनके इस बयान से साफ है कि वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में खेलने के लिए तैयार हैं।
सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार के बाद कहा था कि ब्रेविस अगले मैच तक फिट हो सकते हैं, हालांकि उनकी रिकवरी पर नजर रखी जा रही थी। अब उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें: IPL 2026: CSK ने बेंच पर बिठा रखा है 254 विकेट लेने वाला जादुई स्पिनर, अब भी बचा सकता है डूबती लुटिया, ऐसे होगी प्लेऑफ में एंट्री
आईपीएल 2025 में कैसा था डेवाल्ड ब्रेविस का प्रदर्शन ?

डेवाल्ड ब्रेविस पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मिडिल ऑर्डर में अहम खिलाड़ी साबित हुए थे। उन्होंने 180 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 225 रन बनाए थे। ऐसे में इस सीजन के शुरुआती मुकाबलों में उनकी गैरमौजूदगी टीम के बल्लेबाजी क्रम में साफ तौर पर महसूस की गई।
चेन्नई सुपर किंग्स अब अपना अगला मुकाबला 11 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान एमए चिदंबरम स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। टीम को उम्मीद होगी कि ब्रेविस की वापसी के साथ वह जीत की पटरी पर लौट सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

