दरभंगा। जिले में अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट को अंजाम दिया है। नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम बड़ा बाजार में स्थित प्रेम ज्वेलर्स में शुक्रवार को चार हथियारबंद बदमाशों ने तांडव मचाया। महज 20 मिनट के भीतर अपराधी करीब 2 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 25 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
बंदूक की नोक पर लॉकर की चाबियां छीनीं
दुकान मालिक मनोज ठाकुर के बेटे प्रेम ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि दोपहर के समय जब वे ग्राहकों के साथ डील कर रहे थे तभी चार युवक दुकान में दाखिल हुए। सबकी उम्र 25 से 30 साल के बीच थी। अंदर आते ही उन्होंने पिस्टल तान दी और गाली-गलौज शुरू कर दी। बदमाशों ने धमकी दी कि जो भी बोलेगा उसे ठोक देंगे। दहशत फैलाकर उन्होंने प्रेम से लॉकर की चाबियां छीन लीं और साथ लाए चार बड़े बैगों में कीमती गहने और कैश भरना शुरू कर दिया।
मालिकों और ग्राहकों के साथ मारपीट
लूट के दौरान बदमाशों का व्यवहार बेहद आक्रामक था। दुकान के स्टाफ झाजी कुमार ने बताया कि अपराधियों ने मालिक मनोज ठाकुर और उनके बेटे को थप्पड़ मारे। दुकान में मौजूद दो ग्राहकों को भी नहीं बख्शा गया बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन अंगूठियां और पास में रखा कैश भी लूट लिया। दुकानदारों के मोबाइल छीनकर अपराधी भागते समय पास के एक मंदिर के पास फेंक गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जाते-जाते बदमाशों ने चालाकी दिखाते हुए दुकान के बाहर का ग्रिल लॉक कर दिया ताकि पीड़ित तुरंत बाहर निकलकर शोर न मचा सकें। दुकानदार प्रेम ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा इतने बड़े मार्केट में कभी एक सिपाही तक तैनात नहीं रहता। हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि दिनदहाड़े हमारे साथ ऐसी घटना हो जाएगी। व्यापारियों में इस असुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश है।
SIT गठित, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई है। पुलिस ने दुकान की सीसीटीवी हार्ड डिस्क को कब्जे में ले लिया है जिसमें आरोपी चेहरे पर कपड़ा बांधकर भागते नजर आ रहे हैं। एसएसपी ने दावा किया है कि अलग-अलग इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

