वैशाली। जिले के जढुआ ओपी प्रभारी 2019 बैच के सब-इंस्पेक्टर कौशल कुमार ने सोमवार शाम अपने किराए के कमरे में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी विक्रम सिहाग, एसडीपीओ सुबोध कुमार और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी।

कुछ दिन पहले मिला था प्रभार

कौशल कुमार को हाल ही में जढुआ ओपी का प्रभारी बनाया गया था। इससे पहले वे विदुपुर थाना में तैनात थे। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला निजी कारणों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने अपनी सेवाकाल में जिम्मेदारी निभाई थी और उनकी छवि मेहनती अधिकारी की रही।

सबूत जुटाने में जुटी टीम

मौके पर फॉरेंसिक टीम (FSL) भी पहुंची और उन्होंने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

ये भी की जा रही चर्चाएं

सूत्रों के अनुसार मृतक का हाजीपुर कोषागार में तैनात महिला कांस्टेबल के साथ प्रेम संबंध था। शादी के बाद महिला द्वारा संबंधों को लेकर दबाव बनाने के कारण वे मानसिक तनाव में थे। यह स्थिति उनके लिए काफी परेशान करने वाली साबित हुई बताया जा रहा है कि संभवतः इसी के चलते उन्होंने आत्महत्या का कदम उठाया होगा।
पुलिस अधिकारी घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कौशल कुमार की मौत के पीछे निजी कारण प्रमुख रूप से दिख रहे हैं, लेकिन पूरे मामले की जांच फॉरेंसिक और साक्ष्य के आधार पर की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों और सहयोगी अधिकारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।