DC vs GT IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 14वें मुकाबले में आज शाम दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) आमने-सामने होंगी। इस सीजन में दोनों टीमों की यह तीसरी भिड़ंत है।
अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने अपने पिछले दोनों मुकाबलों में लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस को हराया है और अब जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटंस के लिए सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। टीम को अपने शुरुआती दोनों मैचों में पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। पॉइंट्स टेबल की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि गुजरात टाइटंस बिना किसी जीत के 9वें नंबर पर बनी हुई है।

दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग समेत सभी जरूरी जानकारी पर नजर डालते हैं।
कप्तान शुभमन गिल की होगी वापसी

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आज होने वाले मुकाबले में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। टीम के ओपनिंग बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने इसकी पुष्टि की है।
गौरतलब है कि मांसपेशियों में खिंचाव के चलते गिल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे, जिसमें गुजरात टाइटंस को छह रन से हार झेलनी पड़ी थी। मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुदर्शन ने कहा, “शुभमन को कोई परेशानी नहीं है। वह पूरी तरह फिट हैं और वापसी के लिए तैयार हैं। हां, वह ओपनिंग भी करेंगे।”
DC और GT के टॉप परफॉर्मर्स
दिल्ली कैपिटल्स के धाकड़ बल्लेबाज समीर रिजवी इस समय सीजन के दूसरे टॉप स्कोरर बने हुए हैं। उन्होंने दोनों मुकाबलों में शानदार अर्धशतक जड़े हैं। रिजवी ने 2 मैचों में 160 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 163.26 का रहा है। गेंदबाजी में टी नटराजन ने भी प्रभावित किया है, जिन्होंने 2 मैचों में 4 विकेट झटके हैं।
वहीं, गुजरात टाइटंस की ओर से साई सुदर्शन इस सीजन के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 2 मैचों में 86 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 156.36 रहा है। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 मैचों में 4 विकेट लेकर अहम योगदान दिया है।
DC बनाम GT हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का रहा है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 7 मुकाबलों में से गुजरात ने 4 और दिल्ली ने 3 जीते हैं। पिछले सीजन में दोनों टीमें 2 बार आमने-सामने आई थीं, और दोनों मुकाबले गुजरात टाइटंस ने जीते थे।
अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी अनुकूल मानी जाती है। बीच के ओवरों में पिच धीमी हो जाती है जिससे स्पिनरों को मदद मिलती है। हालांकि, मैच की शुरुआत में नई गेंद के साथ तेज गेंदबाजों को हल्की मदद मिल सकती है। इस मैदान की छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण अक्सर मैच हाई-स्कोरिंग होते हैं। आईपीएल के इतिहास में यहां अब तक 98 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 47 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 50 मैच जीते हैं, जबकि एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन रहता है। वहीं सबसे बड़ा स्कोर 278/3 है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बनाया था।
दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) की संभावित प्लेइंग-11

दिल्ली कैपिटल्स (DC)
केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी/आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन।
गुजरात टाइटंस (GT)
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर इस मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा, आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

