गया। केंद्रीय बजट 2026-27 में भारतीय रेल के लिए 2.78 लाख करोड़ रुपए के प्रावधान का सीधा लाभ पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू–गयाजी रेल सेक्शन को मिलने जा रहा है। इस बड़े आवंटन से न केवल लंबित और निर्माणाधीन परियोजनाओं को गति मिलेगी, बल्कि गयाजी जंक्शन सहित आसपास के महत्वपूर्ण रेल मार्गों के व्यापक विकास का रास्ता भी साफ हुआ है। डीडीयू–गयाजी, गयाजी–धनबाद, गयाजी–पटना और गयाजी–किउल रेलखंड इस बजट के प्रमुख लाभार्थी माने जा रहे हैं।
बिहार के लिए रेल मद में 10,379 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। राज्य में वर्तमान में 1,09,158 करोड़ रुपए की रेल परियोजनाएं स्वीकृत या निर्माणाधीन हैं, जिससे स्पष्ट है कि बिहार रेलवे ढांचे के विस्तार का बड़ा केंद्र बन चुका है। वहीं झारखंड को 7,536 करोड़ और उत्तर प्रदेश को 20,012 करोड़ रुपए का आवंटन भी पूर्व मध्य रेलवे नेटवर्क को परोक्ष रूप से मजबूती देगा।
स्टेशनों का कायाकल्प और यात्री सुविधाओं का विस्तार
डीडीयू मंडल के अंतर्गत गयाजी जंक्शन के पुनर्विकास को प्राथमिकता दी गई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चंदौली मझवार, दुर्गावती, कुदरा, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, रफीगंज, गुरारु, बिक्रमगंज, पीरो, नबी नगर, जपला, मोहम्मद गंज और हैदर नगर सहित 15 स्टेशनों का आधुनिकीकरण होगा। प्लेटफॉर्म सुधार, सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार और प्रतीक्षालयों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
संरक्षा और तकनीकी उन्नयन पर जोर
रेल सुरक्षा को भी बजट में विशेष महत्व दिया गया है। आधुनिक सिगनलिंग, ऑटोमेटिक ब्लॉक सिस्टम, ‘कवच’ टक्कर रोधी तकनीक, ट्रैक नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण जैसे कार्यों को अतिरिक्त संसाधन मिलेंगे। इससे ट्रेनों की समयपालन क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों की सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा।
कुल मिलाकर, बजट 2026-27 ने डीडीयू-गयाजी रेल सेक्शन को विकास, सुविधा और सुरक्षा के नए चरण में पहुंचाने की मजबूत नींव रख दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


